![]()
सोनीपत में चोरी केस में गिरफ्तार दो आरोपी।
सोनीपत। थाना कुंडली पुलिस टीम ने घर से नकदी, आभूषण और अन्य सामान चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्याम निवासी गांव गढ़ी बाला और रोबिन निवासी गांव गढ़ी बिंद्रोली, जिला सोनीपत के रूप में हुई है।
.
गांव गढ़ी बाला निवासी कपूर ने 3 नवंबर को थाना कुंडली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि तड़के करीब 3:30 बजे उनके घर में किसी के घुसने की आवाज आई। उनकी पत्नी ने आवाज लगाई तो पड़ोसी श्याम ने कहा, “ताई, मैं हूँ” और तुरंत घर से भाग गया।
परिवार ने कमरे में रखी अलमारी देखी तो वह खुली मिली। जांच करने पर पता चला कि अलमारी से सोने की दो अंगूठियां, सोने के टोप्स की एक जोड़ी, सोने की बालियों की एक जोड़ी, सोने के झुमकों की एक जोड़ी, चांदी की एक अंगूठी और 40,000 रुपए नकद गायब थे। इसके अलावा घर से छह कट्टे गेहूं भी चोरी हुए थे।
कपूर ने बताया कि आसपास तलाश करने पर गेहूं के कट्टे पास के खाली प्लॉटों में मिले, जो उनके ठेके से निकले हुए थे। उन्हें शक था कि चोरी में श्याम के साथ रोबिन निवासी गढ़ी बिंधरौली भी शामिल था। शिकायत के आधार पर थाना कुंडली में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
अनुसंधान के दौरान सहायक उप निरीक्षक सतपाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस टीम आरोपियों से चोरी किए गए सामान की बरामदगी और वारदात में उनकी भूमिका की गहन जांच कर रही है।