बड़े बाजार में अतिक्रमण हटाता बुलडोजर, नगर निगम की टीम से व्यापारियों की हो गई नोकझांक।
झांसी नगर निगम अतिक्रमण पर लगातार बुलडोजर की कार्रवाई कर रह है। शनिवार को अतिक्रमण निरोधी दस्ता कोतवाली इलाके के बड़ा बाजार, गन्दीगर का टपरा, समेत अन्य मार्केट में अतिक्रमण हटाने पहुंचा।
.
यहां नगर निगम की टीम को देखते ही कुछ व्यापारी सड़क पर आ गए और नगर निगम की टीम से बहस करने लगे। लेकिन, भारी पुलिस बल की मौजूदगी के आगे उनकी एक न चली। इसके बाद बुलडोजर से अतिक्रमण हटवाया गया।
दो तस्वीरों में देखें नगर निगम से नोकझांक…

नगर निगम ने अतिक्रमण पर दी चेतावनी, फिर चला बुलडोजर।

नालियां पाट दी गईं तो बुलडोजर से तोड़ा गया अतिक्रमण।
बता दें कि पुराने झांसी शहर में जिले के प्रमुख बाजार हैं। जिनमें बड़ा बाजार, मानिक चौक, सराफा बाजार, गन्दीगर का टपरा, टकसाल मार्केट हैं। यहां हर दिन जिले के अलग-अलग इलाकों से हजारों ग्राहक खरीदारी करने पहुंचते हैं। लेकिन, पतली गलियों और दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण कर नाले पर दुकान सजा लेने के चलते ये गालियां चलने लायक भी नहीं रह गई हैं। ऐसे में नगर निगम ने शनिवार को यहीं कार्रवाई करने रूप रेखा बनाई और बुलडोजर लेकर बाजार में पहुंची।
यहां टीम ने जैसे ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की तो कुछ दुकानदार विरोध करने लगे। इसके बाद मौके पर कोतवाली थाने से पुलिस बल बुलाया गया। व्यापारियों का कहना था कि टीम न्याय संगत कार्रवाई नहीं कर रही है। इस पर नोक झोंक और बढ़ गई। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस ने मामले को शांत कराया, इसके बाद फिर से बुलडोजर चलने लगा।

व्यापारी और निगम कर्मियों में होती बहस।

दुकानदारों ने उत्पीड़न करने का आरोप लगाया।
दुकानदार बोले-पूरे शहर में नाले पर अतिक्रमण है
नालों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने पहुंची टीम से नाराजगी जताते हुए व्यापारियों का कहना था कि पूरे शहर में नालों पर अतिक्रमण है। फिर टीम उनकी दुकानों को ही निशाना क्यों बना रही है। इस पर नगर निगम की टीम ने कहा कि जहां भी नाले पर अतिक्रमण है, उसे हटाया जाएगा।
इस पर व्यापारी बोले कि दूसरी जगह कार्रवाई होने की बात की जा रही है और हमारी दुकानों पर अभी कार्रवाई की जा रही है। उनका इस बात को लेकर विरोध था कि नाले पर अतिक्रमण हटाने की शुरूआत उनकी दुकानों से क्यों की जा रही है।
तीन फीट का छज्जा भी हटाएंगे
बड़े बाजार और गन्दीगर का टपरा पर नाले पर किए गए अतिक्रमण को हटाने पहुंची अतिक्रमण निरोधी टीम ने सभी को चेतावनी दी। उन्होंने एलानिया कहा, अभी हम नाले-नालियों पर से अतिक्रमण हटा रहे हैं। अगर आपने तीन फीट से ज़्यादा का छज्जा बनाया है तो वह भी अतिक्रमण माना जाएगा। कहा कि छज्जा अपने हाथों से हटा लें नहीं तो फिर हम उसे भी आज ही हटाएंगे।