सीकर में तापमान लगातार कम हो रहा।
उत्तर भारत से चल रही नॉदर्न विंड ने राजस्थान में ठिठुरन बढ़ा दी है। मौसम केन्द्र जयपुर ने सोमवार को 4 जिलों में कोल्ड-वेव चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। अगले एक सप्ताह इसी तरह का मौसम रहने का पूर्वानुमान जारी किया है।
.
रविवार को सीकर, चूरू, झुंझुनूं (शेखावाटी बेल्ट) के अलावा नागौर, जोधपुर, अजमेर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर के आसपास के इलाकों में कोल्ड-वेव का प्रभाव रहा। सुबह-शाम सर्द हवा से ठिठुरन रही। दिन में तेज धूप से निकलने से सर्द हवा से थोड़ी राहत रही, लेकिन शाम होने के साथ फिर से सर्दी तेज हो गई।
पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे कम तापमान सीकर के पास फतेहपुर और नागौर जिले में दर्ज हुआ। इन दोनों शहरों में क्रमश: 5.2 और 5.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। इन दोनों शहरों के साथ सीकर, चूरू, झुंझुनूं, जोधपुर, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर जिलों में कोल्ड-वेव का सर्वाधिक असर रहा।
जोधपुर में रविवार न्यूनतम तापमान पहली बार 10 डिग्री से नीचे आकर 9.9 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। जोधपुर जिले की सीजन की सबसे ठंडी रात रही। इसी तरह चित्तौड़गढ़ में न्यूनतम तापमान 8.2, उदयपुर में 8.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। जोधपुर के अलावा चित्तौड़गढ़, उदयपुर, नागौर में भी सीजन की सबसे ठंडी रात रही।
जयपुर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस, अजमेर में 10, भीलवाड़ा में 9, वनस्थली (टोंक) में 9.1, अलवर में 9, पिलानी में 8.5, चूरू में 7.9, जालोर में 8.1, करौली में 7.6, दौसा में 6.4, बाड़मेर में 15.1, जैसलमेर में 12.2, कोटा में 12.3, बीकानेर, गंगानगर में 11.2 और झुंझुनूं में 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
अधिकतम तापमान गिरा, दिन में भी ठंडक बढ़ी
शीतलहर का असर रहा कि राजस्थान के कई शहरों में रविवार को अधिकतम तापमान में गिरावट हुई। बाड़मेर में अधिकतम तापमान एक डिग्री गिरकर 31.6 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। बीकानेर में 31.3, चूरू में 29.4, जयपुर में 28, जैसलमेर में 30, जोधपुर में 29.8, कोटा में 26.9 और अजमेर में 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिन में सबसे ज्यादा ठंडक सिरोही जिले में रही, जहां अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
इन जिलों में आज येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर की ओर से 17 नवंबर को सीकर, झुंझुनूं, चूरू, नागौर जिलों में कोल्ड-वेव चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 18 नवंबर को सीकर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विशेषज्ञों ने बताया- राज्य में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहेगा और उत्तरी हवाओं के कारण सर्दी से कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।


