पंजाबी सिंगर राजवीर जवंधा के द्वारा बुक किए गए शो के बारे में बताते सिंगर कुलविंदर बिल्ला।
पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा की मौत के बाद उनके द्वारा बुक किए गए शो में उनके करीबी कलाकारों ने परफॉर्म करना शुरू कर दिया है। राजवीर जवंदा के सबसे करीबी दोस्तों में से एक सिंगर कुलविंदर बिल्ला ने परिवार से किया वादा पूरा किया।
.
कुलविंदर बिल्ला ने 16 नवंबर को पानीपत में राजवीर जवंदा का शो किया। इन शो से होने वाली कमाई सिंगर राजवीर जवंदा के परिवार को देंगे।
जवंदा की 8 अक्टूबर को हरियाणा के पिंजौर में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इससे पहले उन्होंने करीब 52 शो उन्होंने बुक किए थे। कुछ शो तो बुक करने वालों ने उनकी मौत के बाद कैंसिल कर दिए थे, लेकिन कुछ शो जवंदा के साथी कलाकार लगा रहे हैं। जवंदा की मौत के बाद करीब 3 दिन पहले ही उनकी नई फिल्म यमला का ट्रेलर भी लांच हुआ था।

पानीपत में शो में परफॉर्म करते हुए कुलविंदर बिल्ला।
कलाकार निभा रहे जवंदा के परिवार से वादा…
- भोग पर की थी घोषणाः राजवीर जवंदा का जब एक्सीडेंट हुआ तब से लेकर उसके भोग तक कुलविंदर बिल्ला, कनवर ग्रेवाल लगातार परिवार के साथ रहे। राजीवर जंवदा की जब मौत हुई तो कनवर ग्रेवाल व कुलविंदर बिल्ला ने सभी कलाकारों के साथ मिलकर घोषणा की थी कि राजवीर के जितने शो बुक हैं वो करेंगे।
- एमी विर्क-गुरदास मान ने भी किया था वादाः एमी विर्क, गुरदास मान समेत तमाम कलाकारों ने कहा था कि राजीवर के जो शो बुक हो रखें हैं अगर आयोजक चाहेंगे तो वो उन शो को करेंगे। शो से होने वाली कमाई राजवीर के परिवार को देंगे। क्योंकि ये शो राजवीर के नाम पर बुक हैं। उन शो की कमाई पर राजवीर का हक है।
- बिल्ला से रही जवंदा की खास अटेंचमेंटः कुलविंदर बिल्ला के साथ राजवीर जवंदा की खास अटेंचमेंट रही है। बिल्ला और जवंदा पटियाला पंजाबी यूनिवर्सिटी में एक साथ पढ़े हैं। उनके साथ ही सूफी गायक कनवर ग्रेवाल भी हुआ करते थे। कई वीडियो भी उस समय की सोशल मीडिया पर सामने आ चुकी है।
- अमेरिका टूर की वीडियो की थी साझाः बिल्ला ने 2018 में राजवीर के साथ अमेरिका टूर की वीडियो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट करके राजवीर की यादों को ताजा किया था। तीनों पंजाबी सिंगरों कॉलेज टाइम से ही एक दूसरे के साथ अटैच रहे हैं। कंवर ग्रेवाल व कुलविंदर बिल्ला परिवार के साथ साए की तरह खड़े हैं।
- मौत के बाद बिल्ला ने की थी भावुक पोस्टः कुलविंदर बिल्ला ने अपनी पोस्ट में लिखा था, माफ करना यारा तुझे बचाने के लिए दिन-रात एक की पर हमारे पल्ले कुछ नहीं आया। भगवान से मुझे पूरी शिकायत है। भगवान तुझे तरस भी नहीं आया। राजवीर के छोटे-छोटे बच्चे, घरवाली, बहन किसी पर तो तरस कर लेता। सबका दिल तोड़ दिया।

एक सीन के दौरान कुलविंदर बिल्ला के साथ राजवीर जवंदा।
बिल्ला ने पोस्ट में लिखा- यारा तू स्टेज ते जचदा सी कुलविंदर सिंह बिल्ला ने पोस्ट में लिखा कि यूनिवर्सिटी में एक साल पढ़े, स्टेज शेयर की और एक साथ गाया, ग्राउंड जाना सब याद है। धीरे-धीरे वाहेगुरु ने मेहर की और मेहनत का फल मिला और लोगों ने गायक बना दिया। मेरे दोस्त लोग चर्चा करते थे कि जवंदा जैसे अखाड़ा कोई नहीं लगा सकता। यार तू स्टेज पर जचदा था, शायद ही कोई और कलाकर स्टेज पर इतना जचदा होगा। तुझे बताना चाहता हूं कि तेरे जाने के बाद दुनियां की कौन सी आंख है, जो रोई न हो।
राजवीर के परिवार को देंगे शो का प्रॉफिट गायक कुलविंदर बिल्ला ने कहा कि जवंदा हमारा भाई था। उनके जो शो बुक किए हुए थे उन्हें मैं और एमी विर्क दोनों लगा रहे है। कुछ शो जो आयोजक थे उन्होंने अपने स्तर पर रद्द कर दिए। इन शो की पेमेंट जवंदा के परिवार को हम देंगे। जिंदगी में जहां कही भी परिवार को हमारी जरूरत होगी हम उनके साथ खड़े थे।
कौन है गायक कुलविंदर बिल्ला कुलविंदर बिल्ला पंजाबी गायक और अभिनेता हैं । उन्होंने अपनी गायकी की शुरुआत 2010 में “कोई खास” और “पंजाब” एलबमों से की, जबकि उनके अभिनय की शुरुआत 2018 में सूबेदार जोगिंदर सिंह से हुई है। बिल्ला की शादी रविंदर कौर से हुई है और उनका एक बेटा और एक बेटी है। फेसबुक पर बिल्ला के 2.6 मिलियन फॉलोवर्स है। इसी तरह इंस्टाग्राम पर 2.4 फॉलोवर्स बने है। यू-टयूब पर बिल्ला के 3.88 लाख सब्सक्राइबर है।

जानिए राजवीर जवंदा पर अस्पताल की अपडेट…
- 8 अक्तूबर को सड़क हादसे में निधन: पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा (35) का 8 अक्तूबर को निधन हो गया था। उन्होंने मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में सुबह 10 बजकर 55 मिनट पर आखिरी सांस ली थी। वह 11 दिन से वेंटिलेटर पर रहे थे। जवंदा का 27 सितंबर को बद्दी से शिमला जाते वक्त पिंजौर में एक्सीडेंट हो गया था। जिसके बाद उन्हें फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उन्हें लगातार वेंटिलेटर पर रखा गया था। उनके निधन पर फोर्टिस अस्पताल ने कहा था कि जवंदा को जब अस्पताल में भर्ती कराया गया तो उनकी रीढ़ की हड्डी और ब्रेन बहुत डैमेज हो चुके थे। आज मल्टी ऑर्गन फेलियर की वजह से उन्होंने दम तोड़ दिया।
- रीढ़ की हड्डी में चोट, ब्रेन को भी क्षति: फोर्टिस अस्पताल ने कहा कि राजवीर जवंदा को 27 सितंबर 2025 को एक सड़क दुर्घटना के बाद अत्यंत गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसमें रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट और दिमाग की क्षति हुई थी।
- कई अंगों ने काम करना बंद किया: फोर्टिस अस्पताल ने कहा था कि बड़े मेडिकल सपोर्ट और क्रिटिकल केयर एवं न्यूरोसर्जरी टीमों ने उनकी लगातार निगरानी की। इसके बावजूद उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया। जिसके बाद 8 अक्टूबर, 2025 को सुबह 10:55 बजे उनका निधन हो गया।
