अयोध्या3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

अयोध्या जिले में 307 के एक आरोपी को पकड़ने गई कुमारगंज पुलिस टीम पर हमला हो गया। आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों ने उपनिरीक्षक अखिल हुसैन पर हमला कर उनकी पिस्टल छीन ली। हमले में उपनिरीक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
यह घटना गुरुवार सुबह करीब 10 बजे अयोध्या-सुल्तानपुर सीमा से सटे डोभियारा पूरे लाल का पुरवा गांव में हुई। कुमारगंज थाने की पुलिस टीम, जिसमें उपनिरीक्षक अखिल हुसैन, भानु प्रताप शाही और कांस्टेबल उमेश गौतम शामिल थे, आरोपी दशरथ सिंह को गिरफ्तार करने पहुंची थी। पुलिस ने दशरथ सिंह को थाने चलने को कहा, जिसके बाद उसने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया।

हमले में उपनिरीक्षक अखिल हुसैन को गंभीर चोटें आईं। हमलावरों ने लगभग 10 से 15 मिनट तक पुलिसकर्मियों की पिटाई की। इसके बाद आरोपी दशरथ सिंह और उसके साथी एक चार पहिया वाहन में उपनिरीक्षक की पिस्टल लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, चार दिन पहले कुमारगंज निवासी एक व्यक्ति पर तमंचे से जानलेवा हमला हुआ था। इस मामले में युवक बाल-बाल बच गया था। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया था और आरोपियों की तलाश कर रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही मिल्कीपुर सर्किल के क्षेत्राधिकारी श्रीयश त्रिपाठी, बल्दीराय के क्षेत्राधिकारी सहित सुल्तानपुर जनपद के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। लाल का पुरवा गांव को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में नाकाबंदी कर दी है और कार्रवाई तेज कर दी है। खबर लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी।
