- Hindi News
- Entertainment
- Bollywood
- Rajasthan’s Manika Vishwakarma Race Sparks Controversy Over Allegations Of Fixing And Organizer contestant Affair, 3 Judges Resign; India Wins 3 Times
40 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मिस यूनिवर्स 2025 का फिनाले आज थाइलैंड के इंपैक्ट चैलेंजर हॉल, पाक क्रेट में हो रहा है। इस साल राजस्थान की मणिका विश्वकर्मा भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। अगर मणिका जीतती हैं, तो भारत चौथी बार मिस यूनिवर्स का खिताब जीतेगा। इससे पहले 1994 में सुष्मिता सेन, 2000 में लारा दत्ता और 2021 में हरनाज संधू ये खिताब जीत चुकी हैं।
इस साल मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता कई कारणों से विवादों में रही है। फिनाले से कुछ दिनों पहले मिस यूनिवर्स के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नवात इत्साराग्रिसिल ने मंच से मिस मेक्सिको को बेवकूफ कहा था, जिसके बाद सभी कंटेस्टेंट्स ने इवेंट छोड़ दिया था। वहीं फिनाले से पहले 8 में से 3 जज ने इस्तीफा देते हुए मिस यूनिवर्स के ऑर्गनाइजर्स पर कंटेस्टेंट्स से रोमांटिक रिलेशन रखने और अनऑफिशियल तरीके से टॉप-30 चुनने के आरोप लगाए हैं।
फिनाले से पहले पढ़िए भारत की मणिका विश्वकर्मा, मिस यूनिवर्स के इतिहास और विवाद से जुड़ी हर वो बात, जो जानना जरूरी है-




फिनाले से एक दिन पहले मिस जमैका मंच से गिरीं
19 नवंबर को मिस यूनिवर्स प्रीलिमिनरी कॉम्पिटिशन हुआ। मिस जमैका डॉ. गैब्रिएल हेनरी रैम्प वॉक कर रही थीं, तभी वो अचानक मंच से नीचे गिर पड़ीं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, हालांकि डॉक्टरों ने कहा कि उनकी जान को कोई खतरा नहीं है।

विवादों में है मिस यूनिवर्स 2025 प्रतियोगिता
विवाद- 1ः सट्टेबाजी एप का प्रमोशन करने पर थाई पुलिस ने रेड मारी
3 नवंबर को थाई पुलिस द्वारा उस होटल में इन्वेस्टिगेशन की गई, जहां पेजेंट से जुड़ी सभी कंटेस्टेंट्स ठहरी हुई हैं। पुलिस को शिकायत मिली थी कि होटल में कंटेस्टेंट्स से ऑनलाइन सट्टेबाजी एप का प्रमोशनल वीडियो रिकॉर्ड करवाया जा रहा है। जबकि थाइलैंड में सट्टेबाजी गैरकानूनी है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस इन्वेस्टिगेशन में सट्टेबाजी एप के प्रमोशनल पोस्टर्स मिले।
इस मामले में मिस यूनिवर्स थाइलैंड के डायरेक्टर नवात इत्सराग्रिसिल और मिस यूनिवर्स ऑर्गनाइजेशन के को-फाउंडर राउल रोशा को पूछताछ के लिए बुलाया गया।
नवात ने साफ किया कि उनकी टीम का इस एक्टिविटी से कोई लेना-देना नहीं है। एप, मिस यूनिवर्स ऑर्गनाइजेशन के स्पॉन्सर्स में से एक है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।
विवाद- 2ः मिस यूनिवर्स थाइलैंड डायरेक्टर ने मिस मेक्सिको से की बदतमीजी
4 नवंबर 2025 को सैश सेरेमनी के दौरान मिस यूनिवर्स थाईलैंड के डायरेक्टर नवात इतसराग्रिसिल ने मिस मेक्सिको फातिमा बॉश को प्रमोशनल इवेंट्स में हिस्सा न लेने पर डंबहेड (बेवकूफ) कहा था। जब मिस मेक्सिको ने विरोध किया तो नवात ने सिक्योरिटी बुलाकर उन्हें हॉल से बाहर करना चाहा। ये देखकर वहां मौजूद सभी कंटेस्टेंट्स सेरेमनी से निकलने लगीं।

सेरेमनी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और प्रतियोगिता में कंटेस्टेंट्स के साथ हो रहे दुर्व्यवहार पर सवाल खड़े किए जाने लगे। विवाद बढ़ने के बाद मिस यूनिवर्स के को-फाउंडर राउल रोचा ने एक वीडियो जारी कर नवात की हरकत की कड़ी आलोचना की और सेरेमनी को रोकने का आदेश दिया। उन्होंने नवात को आधिकारिक गतिविधियों से बाहर करने की भी घोषणा की।

विवाद के बाद सफाई देते हुए मिस यूनिवर्स के को-फाउंडर राउल रोचा।
विवाद के बाद नवात ने वेलकमिंग सेरेमनी के दौरान सभी कंटेस्टेंट्स से आधिकारिक तौर पर माफी मांगी और सफाई में कहा कि उन्होंने डंब शब्द का इस्तेमाल नहीं किया है।
विवाद- 3ः थाइलैंड में होने वाला डिनर किया रद्द
मिस यूनिवर्स थाइलैंड टीम ने स्पेशल डिनर और टॉक शो करने की घोषणा की थी। हालांकि मिस यूनिवर्स ऑर्गनाइजेशन ने दावा किया कि ये उनकी मंजूरी के बिना किया जा रहा था और उनके अधिकारों का उल्लंघन है।
थाइलैंड की मिस यूनिवर्स टीम ने इसके जवाब में कहा कि ये कार्यक्रम होस्ट कंट्री (थाइलैंड) के अधिकारों के तहत किया जा रहा था, सब कुछ नियमों के मुताबिक है, और उन्होंने वकीलों से भी सलाह ले ली है ताकि जरूरत पड़े तो कानूनी कदम उठा सकें। हालांकि विवाद बढ़ने पर 6 नवंबर को कार्यक्रम रद्द कर दिया गया।
विवाद- 4ः फिनाले से पहले जजेस ने ऑर्गनाइजर पर संगीन आरोप लगाकर इस्तीफा दिया
फ्रेंच-लेबनानी पियानिस्ट और कंपोजर ओमर हारफूश 8 सदस्य वाले जज पैनल में शामिल थे। उन्होंने फिनाले से सिर्फ तीन दिन पहले जज पैनल से इस्तीफा दिया। उनका दावा था कि एक “सीक्रेट कमेटी” ने आधिकारिक जजों की जगह अपने तरीके से टॉप 30 फाइनलिस्ट चुन लिए। उनका कहना था कि इस समिति में कुछ लोग उन कंटेस्टेंट्स से निजी संबंध रखते थे और असली जज उस मीटिंग में मौजूद ही नहीं थे।
इस पर मिस यूनिवर्स ऑर्गनाइजेशन ने हारफूश के आरोपों को गलत बताया और कहा कि ऐसी कोई कमेटी थी ही नहीं, सभी चयन उनके तय नियमों के अनुसार हुए।
इसके अलावा फ्रेंच फुटबॉल मैनेजर क्लॉड मेकलेले और पूर्व खिलाड़ी प्रिंसेस कैमिला ने भी “निजी कारणों” का हवाला देते हुए ज्यूरी से हटने का फैसला किया। इन इस्तीफों के बाद ऑर्गनाइजेशन ने ज्यूरी पैनल में बदलाव किए हैं।

मिस यूनिवर्स 2025 से जुड़े कुछ फैक्ट्स
- थाइलैंड तीसरी बार मिस यूनिवर्स की मेजबानी कर रहा है। इससे पहले 2005 और 2018 में भी मिस यूनिवर्स का फिनाले थाइलैंड में ही हुआ था।
- मिस यूनिवर्स शब्द का सबसे पहले इस्तेमाल 1926 में इंटरनेशनल पेजेंट ऑफ पल्च्रिट्यूड में हुआ था। ये एक सालाना ब्यूटी कॉन्टेस्ट था।
- 1935 में ग्रेट डिप्रेशन और वर्ल्ड वॉर-2 के चलते इस पेजेंट को बंद कर दिया गया।
- मौजूदा समय में चल रहे मिस यूनिवर्स की शुरुआत 1952 में हुई थी, जिसकी शुरुआत स्विमसूट बनाने वाली कंपनी पेसिफिक निटिंग मील ने की थी।
- मिस यूनिवर्स की शुरुआत करने से पहले ये कंपनी मिस अमेरिका प्रतियोगिता को स्पॉन्सर करती थी। जब मिस अमेरिका बनीं योलान्डे बेटबेज ने स्विमसूट में फोटोशूट करवाने से मना किया, तो कंपनी ने स्विमसूट प्रमोट करने के लिए मिस यूनिवर्स और मिस USA की शुरुआत की।
- मिस यूनिवर्स की पहली सेरेमनी कैलिफोर्निया में हुई थी।
- 1952 में ऑफिशियली शुरू हुए मिस यूनिवर्स की विजेता फिनलैंड की अर्मी कुएसेला रहीं।

क्राउनिंग के दौरान ली गई अर्मी कुएसेला की तस्वीर।
- पेजेंट के नियम के अनुसार, विजेता को ऑर्गेनाइजेशन से एक कॉन्ट्रैक्ट करना होता है, उस समय तक विजेता को शादी या सगाई करने की इजाजत नहीं होती। ऐसे में पहली मिस यूनिवर्स अर्मी ने जीत के बाद जल्द शादी करने के लिए ये टाइटल लौटा दिया था।
- मिस यूनिवर्स को साल 1955 में पहली बार टीवी पर प्रसारित किया गया था।
- साल 2012 में पहली बार ट्रांसजेंडर महिलाओं को इस प्रतियोगिता में शामिल किया गया। पहली ट्रांसजेंडर कंटेस्टेंट स्पेन की एंजेला पोन्से हैं।

एंजेला मिस यूनिवर्स में टॉप-20 में जगह नहीं बना पाई थीं।
- मिस यूनिवर्स के सबसे ज्यादा 9 खिताब अमेरिका के पास हैं। जबकि वेनेजुएला के पास 7 और प्यूर्टो रिको के पास 5 और फिलीपींस के पास 4 खिताब हैं। इनके अलावा भारत, मेक्सिको, साउथ अफ्रीका और स्वीडन के पास 3-3 खिताब हैं।
- साल 2015 में मिस यूनिवर्स फिनाले के होस्ट स्टीव हार्वे की गलती से मिस कोलंबिया की क्राउनिंग कर दी गई थी, जबकि असल विजेता मिस यूनिवर्स थीं। क्राउनिंग के कुछ देर बाद स्टीव ने गलती सुधारी और मिस फिलीपींस की क्राउनिंग हुई।

मिस यूनिवर्स 2015 क्राउनिंग के दौरान हुई गड़बड़ की तस्वीर।