आशीष | बागपत3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बागपत के बालैनी क्षेत्र स्थित मुकारी गांव के जंगल में चोरों ने 10 किसानों के नलकूपों से हजारों रुपए का सामान चोरी कर लिया। पीड़ित किसानों ने इस मामले को लेकर थाने में शिकायत की है। किसानों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है।
बीती रात चोरों ने मुकारी गांव के जंगल में अवनीश, सचिन, सुबोध, दिनेश, विनेश, नितिन, रामपाल, विजयपाल और देवेंद्र के नलकूपों को निशाना बनाया। चोर नलकूपों से कटआउट, तार और स्टार्टर सहित हजारों रुपए का अन्य सामान चुरा ले गए।
सुबह जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे, तब उन्हें चोरी की घटना का पता चला। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से किसानों में पुलिस की कार्यशैली के प्रति आक्रोश है। उनका आरोप है कि पुलिस रात में गश्त के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति करती है।
किसानों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। पीड़ित किसानों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चोरों की तलाश में जुट गई है।