गुरुग्राम में डिलीवरी बॉय पर हमला करते कार में आए युवक।
गुरुग्राम के सेक्टर-10 के पास बिग बास्केट के डिलीवरी बॉय अभिषेक (25) पर कार से उतरे चार-पांच युवकों ने लाठी, डंडे और कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने अभिषेक को जान से मारने कोशिश की और उसे बुरी तरह से जख्मी करके फरार हो गए।
.
हमले की पूरी वारदात पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।अभिषेक के बड़े भाई रितेश (28) ने बताया कि वे दोनों भाई बिग बास्केट कंपनी में डिलीवरी का काम करते हैं। अभिषेक ग्राहक को सामान डालने जा रहा था। अचानक एक कार रुकी और उसमें से 4-5 लड़के उतरे। उनके हाथ में लाठी, डंडे और कुल्हाड़ी थी।

घटना से पहले अभिषेक अकेला ही था, जिसके बाद उस पर लाठी, डंडों और कुल्हाड़ी से हमला किया।
एक सप्ताह पहले फोन पर दी थी धमकी
उन्होंने अभिषेक पर लगातार वार किए। सिर, पीठ, हाथ-पैर जहां भी निशाना लगा, वहां पर मारा। वह बेहोश होकर गिर पड़ा। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह पहले किसी अनजान नंबर से उसके पास फोन आया था। कॉल करने वाले ने धमकी दी थी, रितेश तेरे को तो मारेंगे ही, पूरे परिवार को देख लेंगे। रितेश ने उस कॉल की शिकायत स्थानीय थाने में की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
अकेला पाकर किया हमला
रितेश का कहना है कि हमलावरों ने अभिषेक को अकेला पाकर उस पर हमला कर दिया। असल टारगेट वह खुद थे। घायल अभिषेक को तुरंत मानेसर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
गंभीर चोट, आईसीयू में भर्ती
डॉक्टरों ने बताया कि कुल्हाड़ी के गहरे घाव हैं, हाथ बुरी तरह टूट गया है और शरीर पर कई जगह गंभीर चोट हैं। फिलहाल उसे ICU में वेंटिलेटर पर रखा गया है। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई है, फिलहाल अभिषेक बयान देने की स्थिति में नहीं है।
पुलिस मामले की जांच कर रही
पुलिस ने घटना की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-10 थाना प्रभारी ने बताया कि हमलावरों की कार का नंबर ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है।