.
अंता उपचुनाव में हारे निर्दलीय नेता नरेश मीणा एक शादी समारोह में पहुंचे। वहां उन्होंने घरातियों-बरातियों को समर्थक बनाकर चुनाव की ही चर्चा की। सांसद हनुमान बेनीवाल और विधायक रविंद्र भाटी सिक्किम के राज्यपाल की पोती की शादी में पहुंचे। पूर्व सीएम अशोक गहलोत का एक वीडियो सामने आया, जोधपुर में इमारत गिरने के बाद पीड़ित को गले लगाकर सांत्वना दी। राजस्थान की राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में…
1. शादी का सीजन और नेताजी
शादियों का सीजन चल रहा है। हमारे नेताजी का प्रोफेशनलिज्म कमाल का है। पानी पी-पीकर एक दूसरे को कोसते हैं।
लेकिन सुख-दुख की घड़ी में एक दूसरे से मिलते हैं। गले लगाते हैं। आशीर्वाद देते हैं या पाते हैं। सारी अदावत खूंटी पर टांगकर जाते हैं।
पाली में सिक्किम के राज्यपाल महोदय की पोती की शादी हुई। मुंह से फायर निकालने वाले नागौर सांसद महोदय सूट-बूट पहनकर शादी में पहुंचे। परिवार भी साथ।
प्रशासनिक अधिकारियों पर खूब बरसने वाले शिव विधायकजी भी शादी का हिस्सा बने। चेहरे पर मुस्कान। पगड़ी पहनाकर राज्यपालजी का मान किया।
अंता उपचुनाव में हारे नेताजी भी बस्सी में एक शादी में पहुंचे। वहां समारोह का आनंद लेने के बजाए वे घरातियों-बरातियों का मजमा लगाकर बैठ गए। छोटी सी जनसभा जुट गई।
वहीं सुनाने लगे चुनावी हार-जीत के किस्से। शादी में शामिल होने आए लोगों ने भी उन्हें देर तक घेरे रखा।

पाली में सांसद हनुमान बेनीवाल और विधायक रविंद्र सिंह भाटी सिक्किम राज्यपाल ओम माथुर की पोती की शादी में शामिल हुए। वहीं जयपुर के बस्सी में एक शादी समारोह में नरेश मीणा शामिल हुए। वहां उन्होंने अंता चुनाव को लेकर बातचीत की।
2. जिलाध्यक्ष को CM साहब ने किया फोन
बड़े अरमान से जिलाध्यक्ष महोदय ने फेसबुक की टाइम लाइन पर उस वक्त का फोटो लगाया, जब वे सीएम साहब के बगल में खड़े होकर मुस्कुरा रहे थे।
इच्छा यही रही कि मुख्यमंत्री महोदय कभी घर पधारें।
इस बीच महोदय के 107 वर्षीय दादाजी का देवलोकगमन हुआ। शोकसभा रखी गई। बड़े-बड़े नेता पहुंचे। सांत्वना दी।
शोकसभा में बैठे नेताजी के फोन की घंटी बजी। लाइन पर थे मुख्यमंत्री महोदय।
मुख्यमंत्रीजी सांत्वना दे रहे थे और नेताजी की बांछें खिली हुई थी। वे लगभग खिलखिलाते हुए मुख्यमंत्रीजी से बात करने लगे।
इससे पहले मुख्यमंत्रीजी फोन रखते। नेताजी ने कह ही दिया- दादाजी चाहते थे कि मुख्यमंत्रीजी घर आएं।

जयपुर देहात भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश गुर्जर अपने बगरू स्थित आवास पर शोक सभा के दौरान मुख्यमंत्री से फोन पर बात करते हुए।
3. राजस्थान का AI वाला वीडियो
AI के नुकसान और फायदों को लेकर चर्चाओं का दौर चल रहा है। कोई कह रहा है कि एआई आदमियों की नौकरी खा जाएगा।
कोई कह रहा है कि एआई से रोजगार के नए मौके मिलेंगे। इन सब चर्चाओं के इतर एक युवा सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर ने एआई का नया ही प्रयोग किया।
ये इन्फ्लूएंसर हैं अजय कांवट। जिन्होंने राजस्थान के इतिहास, भौगोलिक विशेषताओं, संस्कृति और खान-पान को लेकर कई एआई वीडियो बनाए हैं।
कांवट का कहना है कि यह तरीका पढ़ाई को आसान बनाने के लिए है। कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी करने वाले इन वीडियो से आसानी से सवालों के जवाब याद कर सकते हैं।
इन वीडियो में राजस्थानी पहनावे में बुजुर्ग जनरल नॉलेज की जानकारी देते हैं। वीडियो पसंद भी किए जा रहे हैं।

सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर अजय कांवट ने प्लेटफॉर्म बनाकर ऐसे कई वीडियो डाले हैं, जिनमें राजस्थान के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां हैं।
4. चलते-चलते..
जोधपुर में नई सड़क पर इमारत गिर गई। परिवार में 27 नवंबर की शादी है। अब शादी से पहले इतना बड़ा नुकसान हो जाए तो परिवार पर क्या गुजरती है, समझा जा सकता है।
पूर्व सीएम अशोक गहलोत जोधपुर में ही थे। जब उन्हें पता चला कि ऐसा हादसा हुआ है तो तुरंत मौके पर पहुंच गए।
लोगों ने उन्हें घेर लिया। घटना के बारे में बताया। पूर्व सीएम पीड़ित युवक से मिले। उसके सिर पर हाथ फेरा। वह रोते हुए पूर्व सीएम से लिपट गया।
पूर्व सीएम ने घटना का वीडियो वहीं देखा। कलेक्टर से बात की। पीड़ित परिवार की हर संभव मदद का आग्रह किया।
जोधपुर में पूर्व मुख्यमंत्री की छवि ऐसी ही है। वे किसी के सुख में भले शामिल हों या न हों, दुख में साथ खड़े दिखते हैं। राजनीति में ऐसी तस्वीरें दिखती रहनी चाहिएं।

जोधपुर में नई सड़क पर मकान गिरने की घटना के बाद पीड़ित को सांत्वना देते पूर्व सीएम अशोक गहलोत।
वीडियो देखने के लिए ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल मुलाकात होगी…