women-protest-1500-crore-fraud-ambala-police-action-demand | Ambala | अंबाला में महिलाओं से करोड़ों की ठगी का मामला: आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर, महिलाओं ने फिर किया SP कार्यालय का घेराव – Ambala News

Actionpunjab
5 Min Read


अंबाला में एसपी कार्यालय के बाहर पार्क में बैठीं महिलाएं

हरियाणा के अंबाला जिले में महिलाओं को करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले कथित ठगों का गिरोह पुलिस की गिरफ्त से बाहर होने के कारण चर्चाओं में है। बीते दो सप्ताह से इस मामले को लेकर शहर में लगातार आक्रोश फैलता जा रहा है।

.

बुधवार को एक बार फिर सैकड़ों महिलाएं अंबाला एसपी कार्यालय पहुंचीं और पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

पुलिस कार्रवाई पर महिलाओं ने उठाए सवाल

महिलाओं का आरोप है कि इतने बड़े घोटाले की शिकायत होने के बावजूद पुलिस की कार्रवाई बेहद धीमी है। उनका कहना है कि FIR दर्ज होने के दो सप्ताह बीत चुके हैं, लेकिन मुख्य आरोपी जटवाड़ निवासी पूजा, उसका पति विक्रम और देवर योगेश अब तक फरार हैं। महिलाओं ने कहा कि यह कोई साधारण धोखाधड़ी नहीं, बल्कि एक संगठित और योजनाबद्ध ठगी नेटवर्क है, जिसमें 1500 से ज्यादा महिलाएं फंस चुकी हैं।

पिछले सप्ताह भी महिलाओं ने एसपी कार्यालय के बाहर धरना दिया था, लेकिन उम्मीद के अनुसार पुलिस ने दबाव नहीं बनाया। इसी के बाद उन्होंने बुधवार को फिर से SP कार्यालय का घेराव करते हुए उच्चस्तरीय कार्रवाई की मांग की।

मामला आर्थिक अपराध शाखा को सौंपा गया

पंजोखरा थाना क्षेत्र में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस प्रशासन ने जांच आर्थिक अपराध शाखा को सौंप दी है। हालांकि महिलाओं का कहना है कि जांच की गति बेहद धीमी है और आरोपी प्रदेश छोड़कर भाग सकते हैं।

एसपी अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं और जल्द ही आरोपी गिरफ्तार किए जाएंगे। लेकिन महिलाओं में इस बात को लेकर गहरी नाराजगी है कि दो सप्ताह बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।

शुरुआत अंबाला से, अब अन्य जिलों तक पहुंचा मामला

शुरुआती शिकायतें अंबाला से सामने आई थीं, लेकिन धीरे-धीरे इस ठगी नेटवर्क की गूंज कुरुक्षेत्र, कैथल और पंचकुला तक पहुंच रही है। अब इन जिलों की कई महिलाएं भी आगे आकर शिकायत दर्ज करा रही हैं। बताया जा रहा है कि अंबाला एसपी कार्यालय में करीब 250 महिलाएं एक साथ पहुंचीं, और सभी ने एक ही मांग दोहराई “आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।”

अंबाला में एसपी कार्यालय के बाहर पार्क में बैठीं महिलाएं

अंबाला में एसपी कार्यालय के बाहर पार्क में बैठीं महिलाएं

एक-एक कदम से बढ़ाया जाल

महिलाओं ने बताया कि शुरुआत में आरोपी पूजा ने उन्हें हर महीने 2,000 रुपए की इनकम देने का लालच दिया। भरोसा जीतने के लिए शुरुआती महीनों में कुछ महिलाओं को यह रकम दी भी गई। फिर 10,000 रुपए की ID स्कीम चलाई गई, दावा किया गया कि “तीन महीने में 21 हजार रुपए का रिटर्न मिलेगा और छह महीने बाद 10 हजार रुपए वापस कर दिए जाएंगे।”

विश्वास बन जाने के बाद बड़ी संख्या में महिलाएं इस धोखे में फंसती चली गईं और लाखों रुपए निवेश कर बैठीं।

बैंक लोन के जरिए ठगी

जब योजना में शामिल महिलाओं की संख्या बढ़ गई, तो आरोपियों ने अगला कदम शुरू किया। महिलाओं के दस्तावेजों को इकट्ठा कर उनके नाम पर 50 हजार से 1.50 लाख रुपए तक के बैंक लोन निकाले गए। आरंभिक किश्तें भरकर भरोसा बनाए रखा गया। लेकिन अचानक किश्तें बंद कर दी गईं और आरोपी फोन उठाना छोड़कर गायब हो गए।

कई महिलाओं के बैंक खाते और दस्तावेज अभी भी आरोपियों के पास होने की आशंका जताई जा रही है। इससे धोखाधड़ी का दायरा और भी बढ़ने की संभावना है।

SP ने दिया आश्वासन

अंबाला एसपी अजीत सिंह शेखावत ने कहा कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। आर्थिक अपराध शाखा काम कर रही है। आरोपी जल्द गिरफ्तार होंगे। लेकिन महिलाओं का कहना है कि अब आश्वासन नहीं, गिरफ्तारी चाहिए।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *