सरफराज वारसी | बाराबंकी5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बाराबंकी के बड्डूपुर थाना क्षेत्र में सरैंया मातबन नगर रेलवे क्रॉसिंग के पास बीती रात एक घंटे के भीतर दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाएं हुईं। इन हादसों में दो कारें गहरी खाई में गिर गईं, जिससे कई लोग घायल हो गए।
पहली घटना रात करीब 10:30 बजे हुई, जब एक इनोवा कार में सवार परिवार वैवाहिक समारोह से लौट रहा था। रेलवे क्रॉसिंग के पास कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। कार में 65 वर्षीय सैय्यद, उनकी बहू हिना, यास्मीन, बेटे आदिल और कामिल सहित चालक सवार थे।

स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने सभी घायलों को महमूदाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने सैय्यद, हिना और यास्मीन को गंभीर चोटें आने पर प्राथमिक उपचार दिया। अन्य परिजनों को भी मामूली चोटें आईं।
लगभग एक घंटे बाद, रात करीब 11:30 बजे, उसी स्थान पर दूसरी दुर्घटना हुई। महमूदाबाद की ओर से आ रही एक अर्टिगा कार भी अनियंत्रित होकर उसी खाई में गिर गई। इस कार में बरेली निवासी पांच लोग अयोध्या दर्शन के लिए जा रहे थे।

हालांकि यह दुर्घटना भी गंभीर थी, लेकिन अर्टिगा में सवार सभी पांच लोग सुरक्षित रहे और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।
लगातार दो हादसों के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था सुधारने, सुरक्षा रेलिंग लगाने और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है। पुलिस दोनों सड़क दुर्घटनाओं की जांच कर रही है।