बर्लिन12 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

जर्मनी में शनिवार को धुर-दक्षिणपंथी पार्टी AfD के नए यूथ विंग ‘जेनरेशन जर्मनी’ के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुआ। यह प्रदर्शन फ्रैंकफर्ट के पास गीसन शहर में हुआ। यहां करीब 25,000 लोग सड़कों पर उतर आए।
गीसन में AfD का यूथ विंग बनाने के लिए कार्यक्रम रखा गया था। प्रदर्शनकारियों ने AfD के कार्यक्रम स्थल के बाहर नारेबाजी की। साथ ही सीटियां और ड्रम बजाए। हालात संभालने के लिए पुलिस ने 5,000 जवान तैनात किए थे।
इस दौरान पत्थरबाजी भी हुई। इसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को वॉटर कैनन और पेपर स्प्रे तक इस्तेमाल करना पड़ा।
जर्मनी में AfD के नए युवा विंग के विरोध की सबसे बड़ी वजह नाजी दौर जैसी सोच का फिर से उभरने का डर है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे हिटलर जैसी विचारधारा को देश में किसी भी रूप में दोबारा मजबूत नहीं होने देंगे।
AfD यूथ विंग के खिलाफ प्रदर्शन की तस्वीरें…

जर्मनी के गीसन शहर में AfD के यूथ विंग के खिलाफ हजारों लोग विरोध प्रदर्शन में हुए।

प्रदर्शन में कुछ लोग जोकर की ड्रेस में भी पहुंचे। इन लोगों ने बजाने के हाथ में भौंपू भी लिए हुए थे।

प्रदर्शन को रोकने के लिए दूसरे राज्यों से भी पुलिस को बुलाया गया।

प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस वाटर केनन का इस्तेमाल कर लोगों पर पानी फेंका।
AfD को पुराना यूथ विंग भंग करना पड़ा था
AfD ने नया युवा विंग इसलिए बनाया है क्योंकि उसका पुराना युवा संगठन जुंगे अल्टरनेटिव (JA) जर्मन खुफिया एजेंसी ने चरमपंथी घोषित किया था। इसके चलते उसे इस साल भंग करना पड़ा।
JA पर नस्लवादी नारों और नाजी विचारधारा रखने वाले समूहों से संबंध रखने जैसे आरोप लगे थे।
जर्मनी की घरेलू सुरक्षा एजेंसी ने मई में AfD को भी दक्षिणपंथी चरमपंथी संगठन बताया था, जिसके बाद इसे बैन करने की मांग तेज हो गई थी। पार्टी ने इस फैसले को अदालत में चुनौती दी है।
जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्त्ज ने AfD को पूरी तरह बैन करने के विचार का विरोध किया है। उनका कहना है कि 1 करोड़ AfD वोटरों को आप बैन नहीं कर सकते।
AFD युवाओं में लोकप्रिय है
AFD युवाओं में बेहद लोकप्रिय है। AFD की नेता एलिस वीडल प्रवासियों के मुद्दे पर अपने सख्त रुख के लिए जानी जाती हैं।
वीडल ने यूथ विंग का विरोध करने वाले प्रदर्शनकारियों को अराजकता फैलाने वाला बताया। उनका एजेंडा प्रवासियों को वीसा देने में कटौती करना और यूरोपीय यूनियन के साथ संबंधों पर फिर से विचार करना है।
पार्टी के दूसरे सीनियर नेता टीनो क्रुपाल्ला ने कहा कि नया युवा विंग पुरानी गलतियों से सीख लेगा।