- Hindi News
- Jeevan mantra
- Jyotish
- Masik Rashifal (Monthly Horoscope) | December Rashifal 2025, Monthly Zodiac Forecast: Singh Rashi, Sagittarius Gemini Cancer Singh Rashi Meen Libra Leo Aries Taurus Kanya Scorpio And Other Signs
11 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

दिसंबर में सूर्य, मंगल, बुध और शुक्र ग्रह का राशि परिवर्तन होगा। इन चार ग्रहों के प्रभाव से मेष और धनु राशि वालों के करियर में उन्नति होने के योग हैं। कर्क राशि वालों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और रुका पैसा मिल सकता है।
सिंह राशि वालों के ट्रांसफर होने के योग हैं। मीन राशि के नौकरीपेशा लोगों को महत्वपूर्ण अधिकार मिल सकते हैं। इनके अलावा बाकी राशियों के लिए ये महीना सामान्य रहेगा।
एस्ट्रोलॉजर डॉ. अजय भाम्बी के मुताबिक 12 राशियों के लिए कुछ ऐसा रहेगा ये महीना…

मेष – पॉजिटिव: लक्ष्य पाने के लिए समर्पित रहेंगे। कामकाज के सकारात्मक नतीजे मिल सकते हैं। नए इनकम सोर्स शुरू हो सकते हैं। वित्तीय मामले में मदद मिल सकती है। सामाजिक जीवन में सम्मान बढ़ेगा। नए लोग जुड़ सकते हैं। सामाजिक दायरा बढ़ेगा। नेगेटिव: परिवार और दोस्तों को समय नहीं दे पाएंगे। काम का बोझ रहेगा। जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं। किसी प्रोजेक्ट में की गई कोशिशों को अच्छे नतीजे न मिलने से मायूसी हो सकती है। दोबारा कोशिश करने से सफल हो सकते हैं।
करियर – बिजनेस में अच्छे ऑर्डर मिल सकते हैं। महत्वपूर्ण डील होने की संभावना है। नौकरी में महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पर काम करने का मौका मिल सकता है। करियर में उन्नति होगी। किसी पर भी आंख बंद कर भरोसा न करें। अपनी योग्यता पर ही विश्वास रखें। अच्छे नतीजे मिल सकते हैं। सरकारी नौकरीपेशा लोगों को अनचाही जगह पर काम मिल सकता है। इससे परेशान हो सकते हैं। रिश्तों में छोटे-मोटे मतभेद भी हो सकते हैं। परिवार – परिवार में तालमेल रहेगा। हालांकि, कभी-कभी पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण तनाव हो सकता है। नजदीकी बढ़ाने के लिए बातचीत जरूर करें। प्रेम संबंध मजबूत होंगे। साथी के साथ समय बिताने की कोशिश करें। हेल्थ – इस महीने सेहत में उतार-चढ़ाव हो सकता है। मानसिक शांति और शारीरिक आराम की जरूरत होगी। व्यवस्थित दिनचर्या और खान-पान से सेहत को बेहतर बना लेंगे। मानसिक तनाव कम करने के लिए योग और ध्यान करें। दुर्घटना की वजह से धन ज्यादा खर्च हो सकता है। हेल्थ के लिए सतर्क रहें। खानपान में जरूरी बदलाव करें। नियमित जांच कराते रहें। डॉक्टर से परामर्श लेकर ही जीवन शैली में बदलाव करें।

वृष – पॉजिटिव: आत्ममंथन करने का समय है। सही नजरिये से और सोच-समझकर लिए फैसले महीने के आखिरी तक सफलता दे सकते हैं। संतुष्टि मिलेगी। मुश्किलों के बावजूद लक्ष्य हासिल कर लेंगे। कॉम्पिटिशन एग्जाम में सफलता मिलने की पूरी संभावना है। नेगेटिव: आपकी किसी बात से घर के बड़े लोग नाराज हो सकते हैं। आर्थिक मामलों में जल्दबाजी करने से बचें, वरना नुकसान हो सकता है। ससुराल के साथ चल रहे विवादों को आपसी तालमेल से सुलझाने की कोशिश करें। ईगो और आक्रामकता जैसी नेगेटिविटी से दूर रहें। कहीं पैसा उधार दे रहे हैं, तो पहले उसकी वापसी जरूर तय करें।
करियर – करियर में महत्वपूर्ण उपलब्धियों का महीना साबित हो सकता है। व्यापार में नए अवसरों को हाथ से जाने न दें। लाभदायक डील्स होंगी, और वित्तीय स्थिति मजबूत होगी। लेकिन माह के दूसरे पक्ष में व्यवस्था बिगड़ने से अधिक काम का बोझ तनाव पैदा कर सकता है। सहकर्मियों के साथ भी किसी मुद्दे पर मतभेद हो सकता है। नौकरी में आपकी रणनीतिक सोच और नेतृत्व क्षमता की सराहना होगी। प्रमोशन के अवसर मिल सकते हैं। परिवार – मधुरता बनाए रखने के लिए कुछ समय परिवार के साथ अवश्य बिताएं और उनकी जरूरतों को समझें। प्रेम जीवन में ईगो को जगह न दें और साथी की भावनाओं का सम्मान करें। दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ मेलजोल बढ़ाना आपसी संबंधों में मजबूती लाएगा। हेल्थ – शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए लाइफ स्टाइल को व्यवस्थित रखना जरूरी है। अपनी सेहत को प्राथमिकता दें। कोई भी लक्षण अनदेखा न करें। लापरवाही आपके स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती हैं। तनाव कम करने के लिए ध्यान और योग की मदद लें।

मिथुन – पॉजिटिव: इस महीने रूटीन में कई तरह के बदलाव होंगे। प्रॉपर्टी या पैतृक संबंधी विवाद चल रहा है, तो उसे सुलझाने का उचित समय है। बच्चों के एडमिशन संबंधी समस्या हल हो जाएगी। विदेश जाने की कोशिश कर रहे लोगों को शुभ सूचना मिल सकती हैं। विद्यार्थियों को भी शिक्षा और करियर संबंधित समस्याओं का हल मिलेगा। नेगेटिव: महीने की शुरुआत तो सामान्य रहेगी, लेकिन बीच में खासतौर से सावधानी रखें। विद्यार्थी और युवा मौजमस्ती से ध्यान हटाकर करियर और भविष्य संबंधी गतिविधियों पर फोकस करें। आपका ध्यान कुछ नकारात्मक गतिविधियों की तरफ हो सकता है। किसी को पैसा उधार न दें, वापसी की उम्मीद नहीं है। पड़ोसियों के साथ किसी बात को लेकर मनमुटाव हो सकता है।
करियर – बिजनेस में उतार-चढ़ाव रहेंगे। इस समय, संयम से रहना होगा। किसी भी योजना पर काम शुरू करने से पहले उस मामले में मंथन और चिंतन जरूर करें। उसके बाद ही उस पर काम करना उचित रहेगा। उधार दिया पैसा कलेक्ट करने के लिए समय अच्छा है। जो लोग बिजनेस शुरू करना चाहते हैं, उन्हें कोशिशों में सफलता मिल सकती है। नौकरीपेशा लोगों को अचानक यात्रा का ऑर्डर मिल सकता है। परिवार – बहुत व्यस्तता के कारण अपनी निजी तथा सामाजिक दिनचर्या पर ज्यादा समय नहीं दे पाएंगे। अपनी किसी भी योजना पर काम करने से पहले जीवनसाथी और परिवार वालों की सलाह जरूर लें। इससे आपको फैसले लेने में सुविधा होगी। काम का लोड भी कम होगा। प्रेम संबंध मजबूत बनाए रखने के लिए लव पार्टनर के साथ समय बिताना जरूरी है। हेल्थ – व्यस्तता की वजह से आप अपने खानपान और दिनचर्या को संतुलित रखने में लापरवाही कर सकते हैं। जिसका नकारात्मक असर आपकी सेहत पर रहेगा। व्यवस्थित और अनुशासित रहें। तनाव को अपने पर हावी न होने दें। सिरदर्द की वजह से दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो सकती है। भारी और ज्यादा तला-भुना खाना खाने से बचें।

कर्क – पॉजिटिव: पूरे महीने काम की अधिकता रहेगी। मेहनत का फायदा भी मिलेगा। दूसरों के फैसलों की अपेक्षा अपने फैसलों को प्राथमिकता दें। इस समय आप ऊर्जा और आत्मविश्वास से भरे रहेंगे। आपको सफलता मिलनी तय है। पैतृक संपत्ति संबंधी कोई विवाद चल रहा है, तो आपसी तालमेल से सुलझाना बेहतर होगा। बच्चों की किसी समस्या को सुलझाने में अपना योगदान देना उनके मनोबल को मजबूत करेगा। नेगेटिव: कभी-कभी मन में कुछ बेचैनी और तनाव जैसी स्थिति भी रहेगी। बेहतर होगा कुछ समय प्रकृति के नजदीक भी बिताएं। मेडिटेशन पर भी ध्यान दें। इससे आपको काफी हद तक राहत मिलेगी। युवा वर्ग को अपने करियर से संबंधित कामों में और अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है। प्रॉपर्टी खरीदने-बेचने संबंधी कोई विचार बन रहा है तो पहले कागजों की जांच-पड़ताल जरूर करवा लें।
करियर – प्रॉपर्टी से संबंधित कारोबार में सरकारी काम करते समय सावधानी रखें। इस समय किसी भी तरह का रिस्क लेना ठीक नहीं है। गैर कानूनी कामों से भी दूर रहें। व्यावसायिक परिस्थितियों में कुछ नयापन होने की संभावना नहीं है, इसलिए जैसा चल रहा है, उसी में संतोष करना उचित है। कहीं से रुकी हुई पेमेंट मिल जाने से आर्थिक स्थिति बेहतर होगी। नौकरीपेशा लोगों को कोई ऑफिशियल यात्रा करनी पड़ सकती है। परिवार – कामकाज ज्यादा होने के बावजूद आप परिवार के लिए समय निकालेंगे। जिससे घर का माहौल खुशनुमा व शांतिपूर्ण रहेगा। कोई बदलाव संबंधी योजना भी बन सकती है। युवा लोग प्रेम संबंधों में पड़कर अपने समय और लक्ष्य के प्रति लापरवाही न करें। हेल्थ – ब्लड प्रेशर की समस्या वाले और डायबिटिक व्यक्ति अपना विशेष ध्यान रखें। अपनी दिनचर्या और खानपान पर ध्यान देना अति आवश्यक है। यात्रा पर जा रहे हैं, तो दवाइयां साथ रखना न भूलें। स्वास्थ्य संबंधी कुछ समस्याएं होने की आशंका बन रही है।

सिंह – पॉजिटिव: व्यक्तित्व और मानसिक शांति को लेकर सजगता रहेगी। कोई भवन निर्माण संबंधी काम रुका हुआ है, तो उसमें गति आएगी। समय अनुकूल है। घर में कोई धार्मिक आयोजन संबंधी योजनाएं बनेंगी। संतान के करियर को लेकर भी कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं। नेगेटिव: दूसरों के निजी कामों में अपना दखल और अधिकार न रखें। इससे संबंधों में कड़वाहट आएगी। अपने स्वभाव को सहज और संयमित रखना बेहद जरूरी है। लोन या उधार लेने की स्थिति बन रही है, तो वापस करने की संभावनाओं पर भी ध्यान रखें। भाइयों के साथ संबंध मधुर रखने में आपका योगदान जरूरी है। ज्यादा जरूरत हो तभी किसी यात्रा का प्रोग्राम बनाएं।
करियर – कारोबारी गतिविधियों में सुधार होगा, साथ ही फायदे की स्थिति भी मजबूत होगी। स्थान परिवर्तन के भी योग बन रहे हैं। किसी के साथ पार्टनरशिप करने संबंधी योजना सफल रहेंगी। आने वाले दिनों में इनके अच्छे नतीजे मिलेंगे। इंपोर्ट-एक्सपोर्ट के बिजनेस में पेमेंट को लेकर धोखाधड़ी हो सकती है। सरकारी नौकरीपेशा लोग पब्लिक प्लेस पर अपनी इमेज का ध्यान रखें। परिवार – घर में व्यवस्थित माहौल रहेगा। बड़े लोगों का मार्गदर्शन और सहयोग घर में सुख-शांति रखेगा। व्यस्तता के बावजूद थोड़ा समय अपने लाइफ पार्टनर के लिए जरूर निकालें। इससे आपसी संबंधों में मधुरता आएगी। प्रेम संबंधों में भी गहराई बढ़ेगी। हेल्थ – अपनी दिनचर्या और खान-पान को व्यवस्थित रखने के लिए कुछ विशेष नियम बनाएंगे। स्वास्थ्य के नजरिये से समय अनुकूल है। आपकी व्यवस्थित दिनचर्या और खानपान आपको स्वस्थ और ऊर्जावान रखेगा। कभी-कभी खांसी-जुकाम या चेस्ट इनफेक्शन जैसी समस्या हो सकती है। जल्दी ही इस समस्या से राहत मिल जाएगी।

कन्या – पॉजिटिव: परिवार के साथ मौज-मस्ती में बहुत अच्छा समय बीतेगा। भविष्य संबंधी योजनाओं में निवेश करने के लिए समय अनुकूल है। प्रॉपर्टी या व्हीकल खरीदने-बेचने की योजना बन रही है, तो इस महीने उस योजना पर काम करें। घर के जरूरत की चीजों की ऑनलाइन खरीदारी हो सकती है। नेगेटिव: कभी-कभी किसी खास काम में रुकावट आने से मायूसी हो सकती है। खुद को कमजोर न पड़ने दें। घर में किसी तरह का बदलाव करना चाहते हैं तो अभी समय ठीक नहीं है। किसी के साथ गलत भाषा का इस्तेमाल करने से संबंधों में कड़वाहट आ सकती है। दूसरों की सलाह की बजाय अपने फैसलों को ही तवज्जो दें।
करियर – किसी भी नए काम को शुरू करने के लिए समय अनुकूल नहीं है। बिजनेस के मामलों में नया फैसला लेते वक्त दिक्कतें आ सकती है, लेकिन नए जनसंपर्क आपके लिए फायदेमंद रहेंगे। कमीशन संबंधी कामों में सफलता मिल सकती है। नौकरी में ऑफिशियल यात्रा के ऑर्डर भी मिल सकते हैं। तरक्की भी हो सकती है। परिवार – घर की छोटी-मोटी बातों पर दखल न देने से से पारिवारिक वातावरण सुखद रहेगा। दोस्तों के साथ पारिवारिक गेट-टुगेदर भी हो सकता है। प्रेमी-प्रेमिका के बीच बेवजह कुछ मतभेद हो सकते हैं। बेहतर होगा आपसी सूझबूझ से समाधान निकालें। हेल्थ – गैस और कब्ज संबंधी समस्या से परेशान हो सकते हैं। उचित इलाज लें, क्योंकि इसकी वजह से और भी समस्याएं पैदा हो सकती है। गैस्ट्रिक परेशानी भी हो सकती है। ज्यादा तला-भुना खाना खाने से बचें। एलर्जी या सर्दी-जुकाम भी हो सकता है।

तुला – पॉजिटिव: इस राशि के लोगों को ये माह किसी न किसी गतिविधि में व्यस्त रखेगा, लेकिन सफलता मिलने से थकान दूर हो जाएगी। आपकी वाकपटुता और कार्यशैली से लोग प्रभावित होंगे। प्रॉपर्टी संबंधी कार्य होंगे। किसी बड़ी योजना में निवेश करने की प्लानिंग होगी। घर में भी आध्यात्मिक और सकारात्मक वातावरण बना रहेगा। नेगेटिव: पुरानी नकारात्मक बातों को वर्तमान पर हावी न होने दें। ध्यान रखें कि छोटी सी गलतफहमी की वजह से रिश्तेदारों अथवा भाइयों के साथ संबंध खराब हो सकते हैं। दूसरों की बातों और सलाह पर भी ध्यान देना होगा। सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में कोई भी कार्य करते समय अपने मान-सम्मान का विशेष ध्यान रखें। कुछ नकारात्मक प्रवृत्ति के लोग आपके खिलाफ गलतफहमियां पैदा करेंगे।
करियर – कारोबार में लाभदायक योजना पर कार्य करने का अवसर मिलेगा, लेकिन साथ ही खूब चिंतन और मंथन करने की भी जरूरत है। लंबित कारोबारी मामले हल होंगे, साथ ही व्यवसाय को और बढ़ाने हेतु कुछ नई योजनाएं बनेंगी। पार्टनरशिप संबंधी व्यवसाय में पुराने मतभेद समाप्त करने में आपका विशेष सहयोग जरूरी है। जॉब में लोग अपने लक्ष्य को हासिल करके राहत महसूस करेंगे। परिवार – घर में उचित समय न दे पाने की वजह से सब की नाराजगी झेलनी पड़ सकती है। पारिवारिक सदस्यों को कुछ न कुछ उपहार देना संबंधों में मधुरता लाएगा। प्रेम संबंधों में किसी भी तरह के उतावलेपन से परहेज करें। हेल्थ – थकान और कमजोरी महसूस करेंगे। कोई पुरानी बीमारी दोबारा जाग सकती हैं। योग, व्यायाम और जीवन शैली में बदलाव करके अपने स्वास्थ्य को ठीक रखें।

वृश्चिक – पॉजिटिव: ये माह बहुत ही व्यस्तता पूर्ण रहेगा। लोकप्रियता के साथ-साथ जनसंपर्क का दायरा भी बढ़ेगा। माह के मध्य में विशेष सकारात्मक बातें सामने आएंगी। घर के वरिष्ठ और बड़े बुजुर्गों का आशीर्वाद, सहयोग आपके लिए लाभदायक रहेगा। किसी धार्मिक स्थल पर सुकून मिलेगा और आप अपने अंदर नई ऊर्जा का संचार महसूस करेंगे। नेगेटिव: अपनी योजनाओं को कहीं भी सार्वजनिक न करें, वरना आप मुसीबत में पड़ सकते हैं। आय बढ़ने के साथ-साथ आपके खर्चे भी बढ़ेंगे, इस वजह से सेविंग नहीं हो पाएगी। गुस्से और आवेश पर नियंत्रण रखना होगा। अपने स्वभाव में परिपक्वता लाएं। अपने शुभचिंतकों की सलाह पर जरूर अमल करें।
करियर – मार्केटिंग संबंधी गतिविधियां बढ़ेंगी। उनके बेहतर परिणाम भी मिलेंगे। व्यापार में अपने काम की क्वालिटी को और अधिक बेहतर बनाने की जरूरत है। इंपोर्ट एक्सपोर्ट के व्यवसाय में कोई नई डील करने से पहले उससे संबंधित पूरी जानकारी अवश्य हासिल करें। इस समय कामकाज संबंधी कुछ चुनौतियां सामने आएंगी, हालांकि आप उनका सामना करने में सक्षम रहेंगे। नौकरी में लगातार यात्राएं रहेंगी। परिवार – घर में शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल बना रहेगा। जीवनसाथी की सलाह व सहयोग भी आपको सुकून देगा। प्रेम प्रसंगों को पारिवारिक स्वीकृति मिलेगी। हेल्थ – अत्यधिक कामकाज की वजह से पैरों और कमर में दर्द की समस्या रहेगी। उचित आराम लें और फिजियोथेरेपी भी इसका उचित समाधान है।

धनु – पॉजिटिव: आर्थिक दृष्टि से ये माह बहुत ही लाभदायक रहने वाला है। निवेश संबंधी मामलों में ज्यादा ध्यान दें। जीवन को सकारात्मक नजरिए से समझने का प्रयास करें, आपको कोई बेहतर उपलब्धि मिलने वाली है। आत्म मनन और चिंतन करने से आपको शांति अनुभव होगी। किसी मुश्किल कार्य को आप पूरा कर लेंगे। नेगेटिव: अत्यधिक कार्यभार की वजह से व्यस्तता रहेगी। जिससे परिवार तथा व्यवसाय में तालमेल बैठाने में परेशानियां भी आएंगी। किसी नजदीकी संबंधी के वैवाहिक जीवन में विवाद जैसी स्थिति हो सकती है। आपकी मध्यस्थता उनके लिए अनुकूल साबित होगी। क्रोध और जिद जैसी नकारात्मक बातें अपने व्यवहार में न आने दें।
करियर – व्यावसायिक गतिविधियों में सुधार होगा। नए एग्रीमेंट मिलेंगे, जो कि आर्थिक दृष्टि से फायदेमंद साबित होंगे, परंतु कोई भी डील अथवा लेनदेन करते समय अलर्ट रहना जरूरी है। कर्मचारियों का उचित सहयोग बना रहेगा। नौकरीपेशा व्यक्तियों का टारगेट पूरा होगा। तरक्की होने के भी योग बन रहे हैं। परिवार – पारिवारिक गतिविधियों को लेकर परिवार जनों के बीच अलग-अलग विचारों जैसी स्थिति रहेगी। अचानक ही निकट संबंधियों के आगमन से घर का वातावरण सुखद हो जाएगा। प्रेम संबंधों में प्रगाढ़ता आएगी। हेल्थ – स्वास्थ्य की दृष्टि से समय ज्यादा अनुकूल नहीं है। स्त्रियों को अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना होगा। इस समय कोई इंफेक्शन होने की संभावना है।

मकर – पॉजिटिव: इस माह आपकी कई समस्याओं का हल मिलने वाला है। आपका कर्म प्रधान होना स्वतः ही आपके भाग्य का निर्माण करेगा। आप अपने व्यवहार से लोगों के बीच बेहतर स्थान बना लेंगे। किसी सामाजिक धार्मिक आयोजन का भी दायित्व आप पर रहेगा, जिसे आप बखूबी निभाएंगे। धन और समय का उचित प्रबंध करने से आप जल्दी ही सफलता की ओर अग्रसर होंगे। नेगेटिव: घर के रखरखाव अथवा सुधार संबंधी कार्यों को लेकर उम्मीद से ज्यादा खर्च हो जाएगा। निवेश संबंधी गतिविधियों को लेकर जल्दबाजी में कोई फैसला न लें। विदेश जाने के लिए प्रयासरत लोगों के पेपर वर्क में कुछ दिक्कतें आ सकती हैं। रिस्क लेने की प्रवृत्ति पर काबू रखें। मानसिक सुकून पाने के लिए एकांत में अथवा धार्मिक स्थल पर कुछ समय व्यतीत करें।
करियर – अपने व्यवसाय पर अत्यधिक मेहनत करने की जरूरत है। जरा सी लापरवाही की वजह से नुकसान हो सकता है। स्टाफ और कर्मचारियों की सलाह पर भी जरूर अमल करें, आपको कोई उचित मार्गदर्शन मिल सकता है। पार्टनरशिप संबंधी व्यवसाय सफल रहेंगे। नौकरी में अपने सीनियर्स और बॉस के साथ संबंधों में खटास न आने दें। परिवार – पति-पत्नी का आपसी सामंजस्य मधुर रहेगा। जिससे परिवार का माहौल भी खुशनुमा रहेगा। त्योहार की तैयारी को लेकर शॉपिंग भी होगी। प्रेम संबंधों में एक-दूसरे की भावनाओं तथा मर्यादा का ध्यान जरूर रखें। हेल्थ – अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें, इस समय किसी प्रकार के इन्फेक्शन अथवा सूजन क नजरअंदाज न करें। ब्लड प्रेशर और डायबिटीज संबंधी भी नियमित जांच करवाते रहें।

कुंभ – पॉजिटिव: इस माह काम की अधिकता की वजह से व्यस्तता रहेगी, लेकिन इसके अच्छे परिणाम मिलने से प्रसन्नता भी रहेगी। किसी समारोह में शामिल होने का निमंत्रण मिलेगा, आपसी मेलजोल से सबको खुशी मिलेगी। माह के मध्य में कुछ नई योजनाओं पर विचार होगा और उनकी शुरुआत भी होगी, जो कि आपके लिए भविष्य में लाभदायक साबित होने वाले हैं। नेगेटिव: लापरवाही और आलस आपकी कमजोरी रहेंगे। इसलिए अपनी दिनचर्या को व्यवस्थित रखना जरूरी है। कभी-कभी ज्यादा आत्म केंद्रित होना संबंधों में दूरियां ला सकता है, इसलिए अपने स्वभाव के प्रति आत्म मनन करते रहें। घर के बड़े-बुजुर्गों की देखभाल करना आपका दायित्व है। माह के उत्तरार्ध में कुछ व्यवधान रहेंगे, लेकिन ये समय घबराने की बजाए प्रयास करने का है।
करियर – व्यावसायिक क्षेत्र में अपनी उपस्थिति बनाए रखना है और सभी काम अपनी देखरेख में ही करवाएं। पब्लिक डीलिंग, ग्लैमर, कंप्यूटर आदि से जुड़े व्यवसाय में विशेष उपलब्धि हासिल करेंगे। करियर की शुरुआत कर रहे लोगों को सुनहरा मौका मिलने वाला है। नौकरी पेशा व्यक्तियों को अत्यधिक कार्यभार की वजह से मानसिक दबाव रहेगा, लेकिन साथ ही ट्रांसफर संबंधी खुशखबरी भी मिल सकती है। परिवार – पति-पत्नी के बीच घर की व्यवस्था को लेकर कुछ मतभेद हो सकते हैं। परिवार के साथ किसी लंबी यात्रा का भी प्रोग्राम बनेगा। अगर प्रेम संबंधों को विवाह में बदलने की योजना है तो परिजन आपके प्रेम को स्वीकार कर लेंगे और स्वीकृति भी देंगे। हेल्थ – अत्यधिक कार्यभार की वजह से शारीरिक और मानसिक थकान रहेगी। अपने कार्यों को दूसरों के साथ बांटने का प्रयास करें। पेट से संबंधित भी कुछ न कुछ समस्या रह सकती हैं, खानपान पर विशेष ध्यान दें।

मीन – पॉजिटिव – ये माह आपको कई गतिविधियों में व्यस्त रखने वाला है। हालांकि आप अपनी मेहनत और योग्यता के बल पर कार्यों को बेहतर तरीके से कर पाएंगे। कोई पॉलिसी मैच्योर होने से धन के निवेश संबंधी योजनाएं बनेंगी। आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने के लिए कई सुअवसर आएंगे। युवा अपने किसी विशेष कार्य में मेहनत के मुताबिक परिणाम हासिल कर लेंगे। नेगेटिव: विपरीत परिस्थिति में तनाव लेने की बजाए स्वभाव में सहजता रखें। इस समय यात्रा करना उचित नहीं है, क्योंकि कोई सकारात्मक परिणाम मिलने की संभावना नहीं है। मन में चंचलता बनी रहेगी। इस वजह से निर्णय लेने में दिक्कत आएगी। राजनीति से जुड़े लोगों को अपने मान-सम्मान के प्रति विशेष रूप से सजग रहने की जरूरत है। इसलिए कोई भी कार्य जल्दबाजी में न करें।
करियर – व्यावसायिक प्रणाली बेहतर होगी। माह की शुरुआत से अपने महत्वपूर्ण कार्यों की योजनाएं बनाना शुरू कर दें। इस समय अपना ध्यान कुछ नई गतिविधियों पर भी लगाएं। ये समय किसी नए कार्य को शुरू करने के लिए बहुत ही अनुकूल है। रोजगार प्राप्ति के लिए इच्छुक लोगों की मनोकामना पूरी होगी। नौकरी में कोई महत्वपूर्ण अथॉरिटी मिल सकती है। परिवार – दांपत्य जीवन में सुखद और शांतिपूर्ण माहौल रहेगा। साथ हंसी-खुशी में समय व्यतीत करने के कई मौके मिलेंगे। प्रेम संबंध में मधुरता बनी रहेगी और जल्दी ही विवाह भी तय होगा। हेल्थ – अपने खान-पान और दिनचर्या के प्रति सजग रहें। नकारात्मक विचारों को दूर करें। अपनी मानसिक स्थिति को सकारात्मक रखने के लिए मेडिटेशन और योग अवश्य करें।