नई दिल्ली/बेंगलुरु/मुंबई/हैदराबाद50 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

एविशन सेक्टर के नए सुरक्षा नियमों की वजह से देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो बीते तीन दिनों से क्रू की कमी झेल रही है। इससे इंडिगो के ऑपरेशन प्रभावित हुए हैं। न्यूज एजेंसी के मुताबिक गुरुवार को दिल्ली-मुंबई समेत 10 से ज्यादा एयरपोर्ट पर 550+ फ्लाइट्स कैंसिल हुईं।
दिल्ली एयरपोर्ट पर इंडिगो की 172 उड़ानें रद्द हुईं। वहीं मुंबई में 118, बेंगलुरु में 100, हैदराबाद में 75, कोलकाता में 35, चेन्नई में 26, गोवा में 11, जयपुर में 4 और इंदौर में 3 उड़ानें रद्द हुईं।
डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने गुरुवार को एयरलाइन के अधिकारियों से मुलाकात की। एयरलाइन ने नियमों में छूट मांगी और कहा कि संचालन सामान्य करने में तीन महीने लग सकते हैं। DGCA ने इंडिगो से सुधार के लिए कुछ जरूरी पहलुओं पर काम करने को कहा है।
DGCA ने इंडिगो से क्रू की भर्ती, ट्रेनिंग रोडमैप, रोस्टर रीस्ट्रक्चरिंग, सेफ्टी प्लान देने और हर 15 दिन में प्रोग्रेस रिपोर्ट भेजने को कहा। वहीं गुरुवार को इंडिगो ने माफी मांगी और कहा कि वह ऑपरेशन जल्द ठीक करने पर काम कर रही है।

दिल्ली एयरपोर्ट पर सैकड़ों यात्रियों ने बुधवार-गुरुवार की रात फ्लाइट का इंतजार करते हुए गुजारी।

अब DGCA के नए नियम जानिए
DGCA ने 1 नवंबर से पायलटों और अन्य क्रू मेंबर्स के काम से जुड़े नियमों में बदलाव किए हैं। इसे फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नाम दिया गया है। इन्हें दो चरणों में लागू किया गया। पहला चरण 1 जुलाई को लागू हुआ।
वहीं 1 नवंबर से दूसरा चरण लागू हुआ। नए नियमों में यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए पायलटों और क्रू को पर्याप्त आराम देने पर जोर दिया गया है। इस कारण एयरलाइन कंपनियों के पास पायलटों और क्रू मेंबर्स की अचानक कमी पड़ गई है। DGCA ने बताया कि नवंबर में इंडिगो की कुल 1,232 उड़ानें कैंसिल की गईं, जिनमें FDTL नियमों के कारण 755 उड़ानें शामिल हैं।

नागरिक उड्डयन मंत्री ने नाराजगी जताई, बोले- जल्द समस्या सुलझाएं नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने गुरुवार को रिव्यू मीटिंग की। मंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि नए नियमों को लेकर तैयारी का इतना समय था, फिर भी स्थिति कैसे बिगड़ गई।
नायडू ने एयरलाइन को निर्देश दिया कि फ्लाइट ऑपरेशन जल्द से जल्द सामान्य किए जाएं और हवाई किराए में किसी भी तरह की बढ़ोतरी न की जाए। इसके अलावा देरी या कैंसिलेशन की स्थिति में यात्रियों को होटल, खाना और अन्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
इंडिगो के पास सबसे ज्यादा प्लेन, इसलिए ज्यादा असर
एयरलाइन दिन भर में लगभग 2,300 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें ऑपरेट करती है। यह संख्या एअर इंडिया के एक दिन में संचालित उड़ानों की लगभग दोगुनी है। इतने बड़े पैमाने पर यदि 10–20 प्रतिशत उड़ानें भी देर से चलें या रद्द हों, तो इसका मतलब होता है 200–400 उड़ानें प्रभावित होना। हजारों यात्रियों के लिए बड़ी मुश्किलें आना। बुधवार को भी इंडिगो की 200 से ज्यादा उड़ानों पर असर पड़ा था।
DGCA के अनुसार, क्रू की कमी इसकी मुख्य वजह है। इंडिगो में यह दिक्कत पिछले महीने से चल रही है। नवंबर में इसकी 1232 उड़ानें रद्द हुईं। मंगलवार को 1400 उड़ानें देरी से चलीं।


पिछले 1 साल में इंडिगो में पैसेंजर्स को कई समस्याओं का सामना करना पड़ा।
देश के अलग-अलग एयरपोर्ट्स की तस्वीरें…

हैदराबाद में 33 उड़ानें रद्द होने की संभावना है। इससे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

बेंगलुरु एयरपोर्ट पर बुधवार को निराश यात्री एयरलाइन कर्मचारियों से बहस करते नजर आए।

दिल्ली एयरपोर्ट पर गुरुवार सुबह 6:33 बजे इंडिगो की कई फ्लाइट्स 6 से 7 घंटे लेट दिखीं।
देशभर के एयरपोर्ट्स के हाल
मुंबई एयरपोर्ट: मुंबई एयरपोर्ट पर इंडिगो स्टाफ ने बताया कि गुरुवार को कुल 86 फ्लाइट्स कैंसिल हैं। इनमें 41 फ्लाइट मुंबई आने वाली और 45 मुंबई से दूसरे शहरों में जाने वाली फ्लाइट्स थीं।
जयपुर और जोधपुर एयरपोर्ट : जयपुर में गुरुवार को 3 इंडिगो फ्लाइट कैंसिल हुई है। जोधपुर से 4 इंडिगो फ्लाइट को रद्द किया गया है। इनमें ज्यादातर फ्लाइट्स बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई और कोलकाता आने-जाने वाली थीं।
हैदराबाद एयरपोर्ट: राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सूत्रों ने बताया कि गुरुवार को यहां से उड़ान भरने वाली इंडिगो की 33 उड़ानें रद्द होने की आशंका है। हैदराबाद आने वाली 35 फ्लाइट्स भी कैसिंल होने की आशंका है। इंडिगो ने बुधवार को हैदराबाद से 19 उड़ानें रद्द कर दी थीं।
इंदौर एयरपोर्ट: मध्य प्रदेश के इंदौर में इंडिगो की तीन फ्लाइट्स रद्द की गई हैं। बुधवार को भी इंडिगो की 18 उड़ानें कैंसिल हुई थीं। एयरलाइन के अनुसार, रद्द की गई उड़ानों में जयपुर, दिल्ली, मुंबई, गोवा, चेन्नई और कोलकाता जैसे प्रमुख रूट शामिल हैं।
देश की 60% घरेलू उड़ानें इंडिगो के पास
- आखिर इंडिगो से टेंशन क्यों: इंडिगो के पास सबसे ज्यादा 434 विमान हैं। एक दिन में 2300 से ज्यादा उड़ानें हैं। देश की 60% से अधिक घरेलू उड़ानें इसी के पास हैं।
- अभी कितना स्टाफ है: अभी इसके पास 5456 पायलट और 10212 केबिन क्रू मेंबर हैं। 41 हजार से ज्यादा स्थायी कर्मचारी हैं।
- फिर क्रू की कमी क्यों है: इंडिगो का कहना है कि नए फ्लाइट टाइम लिमिटेशन नियमों के कारण पायलट और क्रू की कमी हुई है। नए नियमों में पायलटों के उड़ान भरने के नियमों को घटाकर रोजाना 8 घंटे कर दिया गया है। नाइट लैंडिंग 6 से घटाकर 2 कर दी गई हैं। क्रू के लिए 24 घंटे में 10 घंटे आराम का समय रखा है।
गूगल पर ट्रेंड कर रहा इंडिगो…

सोर्स: गूगल ट्रेंड
———————————-
ये खबर भी पढ़ें…
एअर इंडिया ने एक्सपायर फिटनेस सर्टिफिकेट वाला प्लेन उड़ाया: विमान ने 8 रूट्स पर उड़ान भरी

एअर इंडिया ने अपने A-320 नियो प्लेन को फिटनेस सर्टिफिकेट एक्सपायर होने के बाद भी 8 रूट्स पर उड़ाया। 26 नवंबर को एयरलाइन ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को इसकी जानकारी दी।मामला सामने के बाद DGCA ने प्लेन की उड़ान भरने पर रोक लगा दी है। पूरी खबर पढ़ें…