![]()
पानी और सीवरेज लाइन को लेकर प्रदर्शन करते हुए लोग।
जुलाना के पुराना थाना मार्केट में पानी और सीवरेज लाइन न होने से दुकानदार और स्थानीय लोग गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं। लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की यह मांग पूरी न होने से लोगों में भारी रोष है।
.
मार्केट के दुकानदारों कपिल, अजय, सुषमा, अमित शर्मा और नरेंद्र ने बताया कि उन्होंने एक साल पहले जनस्वास्थ्य विभाग को पानी और सीवरेज लाइन बिछाने के लिए औपचारिक आवेदन दिया था। हालांकि, विभाग ने केवल आश्वासन देकर मामले को टाल दिया। उनका आरोप है कि बार-बार याद दिलाने के बावजूद विभागीय अधिकारी मौके पर स्थिति का जायजा लेने को तैयार नहीं हैं।
दुकानों के बाहर कीचड़ फैल जाता
दुकानदारों के अनुसार, पानी की सुविधा न होने से उनके रोजमर्रा के कार्य प्रभावित होते हैं। सीवरेज लाइन के अभाव में गंदे पानी की निकासी एक बड़ी समस्या बनी हुई है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे दुकानों के बाहर कीचड़ फैल जाता है और ग्राहक आने से कतराते हैं। इससे व्यापार पर सीधा असर पड़ रहा है।
सीवरेज की समस्या के कारण आसपास गंदगी फैल रही है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी पैदा हो रहे हैं। निवासियों का कहना है कि इतनी पुरानी मार्केट होने के बावजूद बुनियादी सुविधाओं का न होना प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है।
सिर्फ आश्वासन मिला, काम नहीं हुआ
मार्केट के दुकानदारों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पानी और सीवरेज लाइन का काम शुरू नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने या सामूहिक रूप से उच्च अधिकारियों से शिकायत करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें हर बार केवल आश्वासन मिलता है, लेकिन काम शुरू नहीं होता।
जल्द होगा समाधान- जेई
इस संबंध में जुलाना जनस्वास्थ्य विभाग के जेई नवीन नेहरा ने बताया कि जुलाना में पेयजल के लिए लाइन बिछाने का काम चल रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही मौके का मुआयना करवाकर लाइन बिछाई जाएगी, जिससे लोगों को सुविधा मिलेगी।