राकेश पचौरी | मथुरा6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मथुरा के वृंदावन थाना क्षेत्र के कालिदह इलाके में एक 40 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान कार्तिक कुमार उर्फ बंटी पुत्र देवेंद्र के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों ने बताया कि कार्तिक तीन भाइयों में मंझला था और सभी अलग रहते थे। उनकी मां छोटे बेटे के साथ रहती हैं। आरोप है कि छोटे बेटे ने मां को बहला-फुसलाकर जमीन-जायदाद बेच दी और पैसे पर कब्जा कर लिया। इसी बात को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था और कई बार कहासुनी भी हुई थी।
मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया है कि कार्तिक अपनी मां से मिलने गया था। वहां उसकी सास और देवर ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। पत्नी को इस घटना की जानकारी पुलिस के माध्यम से मिली। आरोप है कि घटना के बाद से सास और देवर घर से फरार हैं।

थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की पत्नी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम पैनल द्वारा कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।