नई दिल्ली12 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की आगामी जर्मनी यात्रा को लेकर राजनीति तेज हो गई है। भाजपा ने संसद के शीतकालीन सत्र के बीच राहुल की विदेश यात्रा को लेकर उनकी आलोचना की है। कंगना रनोट, संजय जायसवाल सहित कई भाजपा सांसदों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।
भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा- राहुल गांधी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि ‘LoP’ का मतलब ‘लीडर ऑफ पर्यटन’ होता है। वे एक नॉन सीरियस नेता हैं। लोग वर्क मोड में हैं, राहुल गांधी का वैकेशन मोड चल रहा है।
पूनावाला ने आगे कहा- संसद का सत्र 19 दिसंबर तक चलेगा, फिर भी राहुल 15 से 20 दिसंबर तक जर्मनी में रहेंगे। उनकी प्राथमिकताएं साफ हैं। मुझे नहीं पता कि वो जर्मनी क्यों जा रहे हैं। हो सकता है कि भारत के खिलाफ जहर उगलने जा रहे हों। वे छुट्टी मनाने और भारत को बदनाम करने के लिए विदेश जा रहे हैं।

जर्मनी में 17 दिसंबर को इंडियन ओवरसीज कांग्रेस का कार्यक्रम
बता दें कि राहुल गांधी 17 दिसंबर को जर्मनी की राजधानी बर्लिन में होने वाले इंडियन ओवरसीज कांग्रेस (IOC) के एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे यूरोप के विभिन्न देशों से आए IOC के नेताओं से मुलाकात करेंगे। IOC ने इस दौरे को पार्टी के वैश्विक संवाद को मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल बताया है।
IOC ने कहा कि राहुल गांधी 17 दिसंबर को बर्लिन में भारतीय प्रवासियों को संबोधित करेंगे। इस दौरान यूरोप में IOC के लोकल ब्रांच के सभी प्रमुख NRI मुद्दों, कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा को विस्तार देने की रणनीतियों पर चर्चा करेंगे।
IOC ऑस्ट्रिया के अध्यक्ष औसाफ खान ने कहा कि संगठन गांधी की मेजबानी कर सम्मानित महसूस कर रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा जैसे सीनियर नेता भी मौजूद रहेंगे।