पुष्पेंद्र कुमार तिवारी | बलिया3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बलिया के सहतवार थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बघांव गांव के पास हुए इस हादसे में युवक की 40 वर्षीय मामी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें वाराणसी रेफर किया गया है।
परिजनों ने बताया कि मृतक आदित्य मिश्र अपनी मामी विद्या को रेवती स्थित मामा के गांव से बलिया छोड़ने जा रहा था। विद्या बलिया के एक निजी बैंक में कार्यरत हैं। रोज की तरह आदित्य उन्हें बैंक छोड़ने निकला था, तभी बघांव गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि आदित्य की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उनकी मामी विद्या गंभीर रूप से घायल हो गईं।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को सीएचसी सहतवार पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद विद्या की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया।
सहतवार थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने जानकारी दी कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया है, हालांकि उसका चालक मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बलिया भेज दिया गया है।