![]()
बीकेटी थाना क्षेत्र के सरकपुर सरैया स्थित एक बंद मकान में चोरों ने ताले तोड़कर जेवर व नकदी चोरी कर ली। पीड़िता ड्यूटी करके घर पहुंची तो सारे ताले टूटे मिले। इसके बाद अंदर गई तो अलमारी का लॉकर टूटा और सामान बिखरा मिला। इस पर पुलिस को सूचना दी।
.
पीड़िता सीमा दुबे पत्नी स्वर्गीय प्रमोद दुबे उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड में कार्यरत हैं। सीमा दुबे के अनुसार वह बीती रात ड्यूटी पर तैनात थीं, जबकि उनका बेटा और बहू पुलिस लाइन स्थित आवास में रुके थे। इस कारण सरैया स्थित मकान में ताला लगा हुआ था। रविवार सुबह जब वह घर पहुंचीं तो देखा कि घर के सभी ताले टूटे पड़े थे।
चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखी तीन सोने की अंगूठी, दो जोड़ी सोने की बाली और करीब 40 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। इसके अलावा घर में रखा अन्य घरेलू सामान और कपड़े भी चोर उठा ले गए।
घटना की सूचना मिलने पर बीकेटी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।