1 घंटे पहलेलेखक: वर्षा राय
- कॉपी लिंक

रोमानिया की जानी-मानी टीवी होस्ट और सिंगर यूलिया वंतूर का बॉलीवुड सफर आसान नहीं रहा। सलमान खान के साथ उनके प्रोफेशनल प्रोजेक्ट्स और निजी रिश्ते को लेकर खूब चर्चाएं हुईं, लेकिन इस दौरान उन्हें ट्रोलिंग, नेगेटिविटी और अकेलेपन का भी सामना करना पड़ा। एक वक्त ऐसा भी आया जब यूलिया वंतूर सब कुछ छोड़कर भारत से वापस जाने का मन बना चुकी थीं।
लेकिन उसी दौर में सलमान खान की एक बात ने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी। सलमान के भरोसे और हौसले ने यूलिया वंतूर को बॉलीवुड में एक और मौका दिया। इसके बाद उन्होंने सिंगिंग को अपना रास्ता बनाया और आज यूलिया वंतूर हिंदी गानों के जरिए अपनी एक अलग पहचान बना चुकी हैं। दैनिक भास्कर से बातचीत में यूलिया वंतूर ने अपने संघर्ष, फैसलों और उस टर्निंग पॉइंट के बारे में खुलकर बात की, जिसने उन्हें एक सिंगर के तौर पर स्थापित किया हैं।

आप हिंदी में गाने गाने लगी हैं, वो भी बड़े ही बेहतरीन तरीके से। क्या इसका मतलब है कि आप हिंदी बोलना भी अब सीख गई हैं?
हां, लेकिन बहुत थोड़ा-थोड़ा। मैं अपने स्टाफ से हिंदी में बात कर लेती हूं, बस मुझे बोलने में थोड़ी मुश्किल होती है।
सिंगिंग की शुरुआत आपके जीवन में कैसे हुई? कब आपने अपने अंदर इस टैलेंट को परखा?
बचपन से मुझे गाना गाना बहुत पसंद था। फिर रोमानिया में ही मैं एक ऐसे टीवी शो की होस्टिंग करने लगी, जिसमें गाना गाया जाता था। शो का नाम था डांसिंग विद द स्टार्स। मुझे हमेशा से नाचने-गाने का शौक रहा है, लेकिन मैंने कभी इसे करियर के तौर पर नहीं देखा था।
जब मैं भारत आई, तब मैंने अपने इस टैलेंट को परखा। मुझे हिमेश रेशमिया ने फिल्म हैप्पी हार्डी एंड हीर में ‘तेरी मेरी’ गाने का मौका दिया, जो सभी को बहुत पसंद आया। अब मैं अपनी इंडियन ऑडियंस के लिए हर जगह जाकर परफॉर्म करती हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं रोमानिया में अपना बना-बनाया करियर छोड़कर भारत आऊंगी, लेकिन शायद लाइफ में मेरे लिए कुछ अलग ही लिखा था। मैं अपने इस फैसले से बहुत खुश हूं।

कोई ऐसा भारतीय एक्टर, जिनकी आप रोमानिया में रहते हुए फैन थीं या जो आपके गर्ल क्रश रहे हों?
कबीर बेदी मेरा क्रश थे और हमेशा रहेंगे। मैं बचपन से ही उनकी बहुत बड़ी फैन रही हूं। वो यूरोप में अपने काम की वजह से बहुत फेमस आर्टिस्ट के तौर पर जाने जाते हैं। वो बहुत ही गुड लुकिंग इंसान हैं। मुझे कुछ मौकों पर उनसे मिलने का मौका भी मिला है। इसके साथ ही मैं राज कपूर जी की भी बहुत बड़ी फैन रही हूं। उनकी कई फिल्में मैंने बचपन में देखी हैं।

एक आउटसाइडर के तौर पर बॉलीवुड इंडस्ट्री में अपना नाम बनाने की जद्दोजहद में कई मुश्किलें आई होंगी। कोई ऐसा शख्स जिसने इस सफर में आपकी मदद की हो?
देखिए, जब मैं रोमानिया में थी, तब मैंने वहां अपना करियर पूरी तरह खुद बनाया था। मुझे याद है, मैं डोर-टू-डोर अपना सीवी लेकर जाती थी। मैं वहां एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में किसी को नहीं जानती थी। कई मुश्किलों के बाद मुझे जो शो मिला, वो काफी सक्सेसफुल रहा और वहीं से मुझे पॉपुलैरिटी भी मिली।
जब मैं इंडिया आई, तो सबसे बड़ी चैलेंज मेरे लिए यहां की भाषा थी। मुझे काफी डर भी रहता था क्योंकि मैं एक आउटसाइडर हूं। सोशल मीडिया पर मुझे काफी नेगेटिव कमेंट्स का सामना करना पड़ा। एक वक्त ऐसा भी आया, जब मुझे लगने लगा था कि ये जगह मेरे लिए नहीं है और मुझे वापस रोमानिया लौट जाना चाहिए।
तब सलमान खान की एक बात ने मुझे हिम्मत दी। उन्होंने कहा कि तुम्हारे पास एक गिफ्ट है, जो सबके पास नहीं होता और तुम्हें उसका इस्तेमाल करना चाहिए। वहीं से मेरी लाइफ का टर्निंग पॉइंट आया। मैंने नेगेटिव थॉट्स को दरकिनार किया और अपने आप पर फोकस करके यहां तक पहुंची हूं।
क्या सोशल मीडिया पर आपको ट्रोल किया जाना सलमान खान के सपोर्ट की वजह से था?
मैं खुद को बहुत खुशकिस्मत समझती हूं कि मुझे सलमान खान का सपोर्ट मिला। फिलहाल मेरा फोकस सिर्फ पॉजिटिव चीजों पर है। कौन क्या बोल रहा है, उससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। पहले मैं अपने ऊपर भरोसा नहीं करती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं है।

हनी सिंह के साथ कोलैबोरेशन कैसे हुआ? उनके साथ काम करके कैसा लगा?
मैं हनी सिंह को ‘यो-यो’ बुलाती हूं। हमारा गाना आई रे बहुत वायरल हुआ है। वो एक बेहतरीन सिंगर हैं। मुझे याद है, इस सॉन्ग के डायरेक्टर मिहिर गुलाटी ने हमसे इस गाने में बहुत मेहनत करवाई। सुबह से शाम तक शूटिंग होती थी। शूटिंग लोकेशन पर इतनी गर्मी होती थी कि मैं पसीने से लथपथ हो जाती थी और उसी हालत में फिर से डांस करती थी। हनी सिंह तो मेरे लिए ओजी स्टार हैं। आगे चलकर मैं एपी ढिल्लों, करण औजला जैसे सिंगर्स के साथ भी कोलैब करना चाहूंगी।
क्या आगे चलकर आप सलमान खान के साथ किसी फिल्म में नजर आएंगी?
फिलहाल मैं अपनी खुद की आइडेंटिटी बनाने की कोशिश कर रही हूं। सलमान खान का ऑरा बहुत बड़ा है और मैं खुद को खुशकिस्मत मानती हूं कि मैं उसका हिस्सा हूं, लेकिन फिलहाल ये मेरी अपनी जर्नी है।