काशी में सोमवार देर शाम फ्लाइट कैंसिल होने पर अभिनेता अनुपम खेर ने इंडिगो एयरलाइंस पर भड़ास निकाली। हालांकि उन्होंने वीडियो जारी करके कहा- बाबा की मर्जी थी। इसलिए उन्होंने मेरी फ्लाइट कैंसिल कराई। यहां के स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद चखा। यह नगरी कमाल
.
मंगलवार सुबह वंदे भारत ट्रेन से खजुराहो के लिए रवाना हुए। उन्होंने भारतीय रेल की तारीफ किया। उन्होंने वीडियो जारी करके कहा- सुबह 5 बजे बनारस से खजुराहो के लिए रवाना हुआ था, अभी 10 बज रहे हैं।
उन्होंने कहा- सुबह ट्रेन काफी अच्छी चल रही है। भारतीय रेल को धन्यवाद। अब रेलवे यात्रा में काफी सुधार हुआ है और हम सही समय पर उम्मीद लगा रहे हैं कि खजुराहो पहुंच जाएंगे। वहां फिल्म फेस्टिवल में भी शामिल होने का मौका मिलेगा।
4 तस्वीरें देखिए…

अनुपम खेर मंगलवार सुबह वंदे भारत ट्रेन से खजुराहो के लिए रवाना हुए। उन्होंने कहा- भारतीय रेल का धन्यवाद।

अनुपम खेर रात में काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन करने पहुंचे।

अनुपम खेर ने कहा- बाबा की मर्जी थी। इसलिए उन्होंने मेरी फ्लाइट कैंसिल कराई।

बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने के बाद काशी के लोगों का धन्यवाद करते अभिनेता अनुपम खेर।
बाबा विश्वनाथ का लिया आशीर्वाद, बनारसी चाट खाया
फ्लाइट कैंसिल होने के बाद अनुपम खेर ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। उनके साथ वाराणसी के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य चंद्रमौली उपाध्याय भी थे। वहीं अभिनेता अनुपम खेर ताज होटल में रूके। साथ ही बनारसी चाट का भी स्वाद लिया। उन्होंने कहा- बनारसी चाट का स्वाद अद्वितीय है और यह काशी की पहचान को और खास बनाता है। होटल स्टाफ और प्रशंसकों के साथ उन्होंने तस्वीरें भी खिंचवाईं।

काशी विश्वनाथ में दर्शन करने के दौरान अनुपम खेर के साथ ज्योतिषाचार्य चंद्रमौली उपाध्याय भी रहे।
अनुपम का X पोस्ट देखिए…
अनुपम खेर ने X पर अंग्रेजी में लिखा है। जिसमें उन्होंने अपने दादा जी की सीख का जिक्र किया। कहा- फ्लाइट कैंसिल!
मेरे दादाजी कहते थे, एक ही समस्या से दो बार मत गुजरो! एक बार उसके बारे में सोचकर, और दूसरी बार उसे झेलकर। इंडिगो फ्लाइट से वाराणसी आया!। खजुराहो के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट लेनी थी, जो कैंसिल हो गई। बहुत निराशा हुई। लेकिन मैंने इसका फ़ायदा उठाने का फैसला किया। तो कुछ अच्छी कचौड़ी/चाट/गुलाब जामुन खाऊंगा। और विश्वनाथ जी मंदिर में पूजा भी करूंगा। हर हर महादेव।
2 मिनट 46 सेकेंड का एक वीडियो भी शेयर किया 2 मिनट 46 सेकेंड का एक वीडियो भी अनुपम खेर ने X पर जारी किया। जिसमें वह कह रहे हैं- ‘मैं अक्सर किसी की शिकायत नहीं करता है। लेकिन इस बार मुझे कुछ कहना है। मैं अभी इंडिगो फ्लाइट से वाराणसी आया हूं और इसके बाद मेरी अगली फ्लाइट वाराणसी से हैदराबाद की थी। क्योंकि मुझे खजुराहो पहुंचना था, जहां फिल्म फेस्टिवल में मेरी मूवी तन्वी द ग्रेट की स्क्रीनिंग होनी है। लेकिन, मेरी इंडिगो फ्लाइट कैंसिल हो गई है।
मैं भड़ास निकालना चाहता हूं और बहुत कुछ कहना चाहता हूं, पर अब मेरी प्लानिंग में बदलाव हुआ है और मुझे वाराणसी में वक्त गुजारना पड़ेगा। मैं जानता हूं कि ये किसी के हाथ में नहीं होता और न ही ऐसा कोई जानबूझकर करता है। जब आप इस तरह की परिस्थिती में फंस जाते हैं तो परेशान न हों, बल्कि हालातों का मजा लें।

अनुपम खेर ने कहा- खजुराहो जाना कैंसिल हो गया है। अब काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने का निर्णय लिया।
अब पढ़िए इंडिगो का जबाव… इंडिगो एयरलाइंस ने फ्लाइट कैंसिल हाेने पर अफसोस जताया है। कहा- अनुपम सर, हमें सच में बहुत अफ़सोस है कि आज आपकी आगे की यात्रा प्लान के मुताबिक नहीं हो पाई। आज सुबह वाराणसी और उत्तरी भारत के कुछ दूसरे एयरपोर्ट पर घने कोहरे और खराब मौसम की वजह से नेटवर्क की कई फ्लाइट्स पर असर पड़ा, जिसकी वजह से दुर्भाग्यवश आपकी वाराणसी-खजुराहो सेक्टर की फ्लाइट कैंसिल हो गई।
आपको जानकारी देने के लिए, हमने दिन में पहले ही बुकिंग के समय हमारे पास रजिस्टर किए गए आपके कॉन्टैक्ट डिटेल्स पर समय पर जानकारी भेज दी थी। हालांकि, हम आपके सहानुभूति भरे नजरिए और शांत स्वभाव से बहुत प्रभावित हैं, जो सच में जीवन के प्रति आपकी सकारात्मक सोच को दिखाता है। सम्मान!
हम आपको और आपकी टीम को फिल्म फेस्टिवल के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं देते हैं। आपकी फिल्म को वह सारा प्यार, तारीफ़ और दर्शक मिलें जिसकी वह हकदार है। हम जल्द ही आपका फिर से स्वागत करने और भविष्य में आपको बेहतर सेवा देने के लिए उत्सुक हैं।

————————————- ये खबर भी पढ़ें… मेरठ में ‘भैया’ कहने पर भड़का डॉक्टर, बोला- सर कहो; पर्चा फेंका, पुलिस से बच्ची और पिता को OPD से बाहर निकलवाया, हंगामा

मेरठ में ‘भैया’ कहने पर एक डॉक्टर भड़क उठा। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) यानी BKU का एक पदाधिकारी सोमवार को अपनी बेटी का इलाज कराने डॉक्टर के पास पहुंचा था। उन्होंने डॉक्टर को भैया बोल दिया। पढ़िए पूरी खबर