मौके पर पहुंचकर मामले की जांच करती पुलिस।
करनाल में बसताड़ा टोल प्लाजा के नजदीक एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक्टिवा को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक्टिवा सवार एक महिला और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर गए और ट्रक की चपेट में आ गए। हादसा इतना भयानक था कि ट्रक
.

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त एक्टिवा।
पानीपत से करनाल की ओर जा रहे थे दोनों
मंगलवार को एक महिला और एक पुरुष एक्टिवा पर सवार होकर पानीपत से करनाल की तरफ आ रहे थे। प्राथमिक जानकारी के अनुसार दोनों फुसगढ़ में किसी रिश्तेदारी में जा रहे थे। जैसे ही वे बसताड़ा टोल के नजदीक पहुंचे, पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही बिगड़ा संतुलन, सड़क पर गिरे
ट्रक की टक्कर से एक्टिवा का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सवार सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान ट्रक दोनों को अपनी चपेट में लेता चला गया। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक हादसा बेहद भयावह था और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर जुते।
पानीपत की सैनी कॉलोनी के रहने वाले बताए जा रहे
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक दोनों पानीपत की सैनी कॉलोनी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि दोनों का आपसी रिश्ता पिता और पुत्री का हो सकता है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी शिनाख्त की औपचारिक पुष्टि नहीं की गई है।
ट्रक छोड़कर फरार हुआ चालक
हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक अपनी गाड़ी मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लिया।
शव मोर्चरी हाउस भेजे, परिजनों को दी सूचना
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर करनाल के मोर्चरी हाउस में भेज दिया है। मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि हादसे में एक महिला और एक पुरुष की मौत हुई है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा। फरार ट्रक चालक की तलाश के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और पूरे मामले की जांच जारी है।