Barricading of open electrical transformers is mandatory in Baghpat | बागपत में खुले विद्युत ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग अनिवार्य: डीएम ने सुरक्षा और सौंदर्यीकरण के लिए आकर्षक फेंसिंग लगाने के दिए निर्देश – Baghpat News

Actionpunjab
2 Min Read


आशीष| बागपत2 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

बागपत जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने सड़कों के किनारे खुले में रखे विद्युत ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने जनपद के सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ऐसे सभी ट्रांसफार्मरों के चारों ओर अनिवार्य रूप से बैरिकेडिंग कराई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि बैरिकेडिंग केवल सुरक्षा तक सीमित न रहे, बल्कि वह आकर्षक, सुव्यवस्थित और शासन की थीम एवं विजन के अनुरूप होनी चाहिए। इन्हीं निर्देशों के क्रम में जनपद के विभिन्न नगर पालिका क्षेत्रों में सीएनसी मशीन से निर्मित आकर्षक फेंसिंग लगाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

इस नई व्यवस्था से न तो आवागमन में कोई बाधा उत्पन्न हो रही है और न ही यातायात प्रभावित हो रहा है। बल्कि सड़कों की सुंदरता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। ट्रांसफार्मरों की इस आधुनिक एवं आकर्षक बैरिकेडिंग को देखकर राहगीर भी इसे सराहते नजर आ रहे हैं।

नगर पालिका परिषद बागपत के अधिशासी अधिकारी के.के. भड़ाना ने बताया कि ट्रांसफार्मर बैरिकेडिंग और सौंदर्यीकरण का कार्य कोर्ट रोड, ईदगाह रोड और सोनीपत रोड सहित प्रमुख स्थानों पर पूर्ण किया जा चुका है। वहीं, अधिशासी अधिकारी वीराज त्रिपाठी, मनोज रस्तोगी और हरी लाल पटेल ने भी अपने-अपने नगरीय क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों की सुरक्षित एवं आकर्षक फेंसिंग का कार्य पूरा करा लिया है। शेष स्थानों पर यह कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाएगा।

जिलाधिकारी अस्मिता लाल की यह पहल जनसुरक्षा के साथ-साथ नगर सौंदर्यीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। डीएम ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी खुले में विद्युत ट्रांसफार्मर दिखाई दे और दुर्घटना की आशंका हो, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते सुरक्षा एवं सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा सके।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *