India condemns murder of Bangladeshi Hindu youth | भारत बोला-बांग्लादेश में हिंदू की हत्या नजरअंदाज नहीं कर सकते: हत्यारों को जल्द सजा मिले; विदेश मंत्रालय बोला- भगोड़े ललित मोदी-माल्या को वापस लाएंगे

Actionpunjab
6 Min Read


नई दिल्ली5 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग की। - Dainik Bhaskar

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग की।

भारत ने बांग्लादेश में जारी अशांति और अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों को लेकर चिंता जताई है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की निर्मम हत्या को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

जायसवाल ने कहा, “हम ढाका में हिंदू युवक की हत्या की निंदा करते हैं और उम्मीद करते हैं कि अपराधियों को जल्द से जल्द सजा मिलेगी।”

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने यह भी कहा कि सरकार ललित मोदी और विजय माल्या को वापस लाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने इसके अलावा कई सवालों के जवाब दिए।

जायसवाल बोले- बांग्लादेश में शांति बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी

जायसवाल ने कहा, ‘भारत बांग्लादेश में फैलाई जा रही भारत-विरोधी झूठी कहानी को खारिज करता है। वहां कानून-व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखना बांग्लादेश की अंतरिम सरकार की जिम्मेदारी है।’

उन्होंने बताया कि अंतरिम सरकार के कार्यकाल के दौरान अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की 2,900 से अधिक घटनाएं दर्ज की गई हैं। इन घटनाओं को महज मीडिया की बयानबाजी या राजनीतिक हिंसा कहकर खारिज नहीं किया जा सकता।

बांग्लादेश में हो रही घटनाओं पर भारत की नजर

जायसवाल ने आगे कहा, “भारत बांग्लादेश के लोगों के साथ अपने संबंधों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। हम लगातार बांग्लादेश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों की मांग करते रहे हैं।”

उन्होंने बताया कि विदेश मंत्रालय बांग्लादेश में हो रही घटनाओं पर नजर रख रहा है और इन मामलों को बांग्लादेशी अधिकारियों के साथ उठाया भी जा रहा है।

प्रेस ब्रीफिंग में जायसवाल से पूछे गए सवाल…

1.सवाल- ललित मोदी और विजय माल्या का हाल ही में वीडियो वायरल हुआ। इन्हें वापस लाने के लिए सरकार क्या कर रही है?

जवाब- भारत सरकार देश छोड़कर भागे और कानून से बच निकले सभी भगोड़ों को वापस लाने के लिए काम कर रही है।

इस संबंध में कई देशों के साथ बातचीत चल रही है। मैं आपको बता दूं हम उन्हें हर हाल में वापस लेकर आएंगे।

2.सवाल- H-1B वीजा पर अमेरिका से क्या बातचीत हुई?

जवाब- भारत सरकार को कई भारतीय नागरिकों से शिकायतें मिली हैं कि उन्हें वीजा अपॉइंटमेंट के रिशेड्यूलिंग में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

वीजा संबंधी मुद्दे किसी भी देश के निजी क्षेत्र से संबंधित होते हैं, हमने इन मुद्दों और अपनी चिंताओं को अमेरिका के सामने नई दिल्ली और वॉशिंगटन डीसी दोनों जगह उठाया है।

इन देरी के कारण लोगों और उनके परिवारों को कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है। सरकार इस मुद्दे को सुलझाने और भारतीय नागरिकों पर इसके प्रभाव को कम करने के लिए अमेरिकी पक्ष के साथ सक्रिय रूप से बातचीत कर रही है।

3.सवाल- भारत-अमेरिका ट्रेड टॉक कहां तक पहुंची है?

जवाब- भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते की वार्ता पर दोनों सरकारें एक निष्पक्ष और संतुलित व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के मकसद से लगातार बातचीत कर रही हैं।

अमेरिकी उप व्यापार प्रतिनिधि हाल ही में भारत में थे। उन्होंने यहां कई अधिकारियों से मुलाकात हुई। आगे की जानकारी आपको व्यापार मंत्रालय देगा।

4.सवाल- भारत-यूरोपीय फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर क्या प्रगति हुई है?

जवाब- भारत-यूरोपीय फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर काम हो रहा है। FTA का 14वां दौर अक्टूबर में ब्रुसेल्स में आयोजित किया गया था।

इसके बाद टीम ने भारत का दौरा किया और फिर दिसंबर में अमेरिकी व्यापार आयुक्त भी यहां आए थे। उन्हें दूसरे मुद्दों पर चर्चा करनी थी।

दोनों पक्ष बातचीत में लगे हुए हैं और हम देखेंगे कि इस बातचीत को कैसे आगे बढ़ाया जा सकता है।

5.सवाल- कनाडा में भारतीय छात्र की हत्या पर भारत ने क्या एक्शन लिया है?

जवाब- हम उनके परिवार के संपर्क में हैं। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हम अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।

हम स्थानीय अधिकारियों से भी संपर्क में हैं ताकि मृत्यु के कारणों का पता लगाया जा सके। हमारा दूतावास परिवार को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है

6.सवाल- क्या ऑस्ट्रेलिया में हुए आतंकी हमले से भारत अवगत है?

जवाब- हम ऑस्ट्रेलिया के बॉन्डी बीच आतंकी हमले से अवगत हैं। भारतीय अधिकारी इस मामले पर आस्ट्रेलियाई अधिकारियों के संपर्क में हैं।

—————————

ये खबर भी पढ़ें…

बांग्लादेश के ढाका यूनिवर्सिटी में भारत विरोधी प्रदर्शन: हादी के हत्यारे को सजा देने की मांग; बांग्लादेशी हिंदू की हत्या मामले में 6 और गिरफ्तार

बांग्लादेश में एक बार फिर भारत विरोधी प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। इंकिलाब मंच ने नेता उस्मान हादी की हत्या के खिलाफ न्याय की मांग करते हुए ढाका के शाहबाग इलाके में प्रदर्शन किया। इस दौरान भारत विरोधी नारे भी लगाए गए। पूरी खबर पढ़ें…

खबरें और भी हैं…
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *