Faridabad Dabua colony Foetus found drain | फरीदाबाद में नाली से मिला भ्रूण: पॉलिथीन में लिपटा था, पैर बाहर दिखाई दिया तो लोगों ने पुलिस बुलाई – Ballabgarh News

Actionpunjab
3 Min Read


नाली में पड़ा मिला पॉलिथीन में लिपटा भ्रूण

फरीदाबाद में डबुआ थाना क्षेत्र में नए साल के पहले दिन 4 से 5 महीने के नवजात का भ्रूण मिला। सरकारी स्कूल के पास बनी नाली में काले रंग की पॉलिथीन में लिपटा हुआ पड़ा था। इस घटना से स्थानीय लोगों में गुस्सा और दुख का माहौल है।

.

स्थानीय निवासी अभिषेक गोस्वामी ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 7 बजे कुछ लोगों की नजर नाली के किनारे पड़े कूड़े के ढेर पर गई, जहां काले रंग की पॉलिथीन से नवजात भ्रूण का एक पैर बाहर दिखाई दे रहा था।

जब लोगों ने पास जाकर देखा तो पता चला कि पॉलिथीन के अंदर नवजात बच्चे का भ्रूण है। इसके बाद तुरंत डबुआ थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और आसपास बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।

भ्रूण मिलने की सूचना के बाद मौके पर जुटी भीड़।

भ्रूण मिलने की सूचना के बाद मौके पर जुटी भीड़।

ऐसे अपराध समाज को अंदर से खोखला कर रहे- गोस्वामी

अभिषेक गोस्वामी ने इस घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि भ्रूण को देखकर साफ प्रतीत हो रहा है कि उसकी उम्र करीब 4 से 5 महीने की है और इसे हाल ही में यहां फेंका गया है। उन्होंने कहा कि भ्रूण हत्या जैसा जघन्य अपराध समाज को अंदर से खोखला कर रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि इस घटना में किसी न किसी की मिलीभगत जरूर है और पुलिस को इसकी गहनता से जांच करनी चाहिए।

वहीं डबुआ थाना प्रभारी संगम दहिया ने बताया कि जैसे ही भ्रूण मिलने की सूचना प्राप्त हुई, पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उस समय घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा थी। पुलिस ने भ्रूण को नाली से निकलवाकर कब्जे में लिया और सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखवा दिया है।

सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि भ्रूण को किसने और कब यहां फेंका। इसके साथ ही क्षेत्र में पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *