भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ
अमृतसर में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ की अगुआई में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अटल जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया।
.
मीडिया से बातचीत करते हुए तरुण चुघ ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि विचार, आदर्श और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा थे। उन्होंने कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए हमें अटल जी के बताए मार्ग और उनके सिद्धांतों पर चलना चाहिए। अटल जी ने हमेशा राजनीति में मर्यादा, संवाद और लोकतांत्रिक मूल्यों को सर्वोच्च स्थान दिया।
हिंदुओं पर अत्याचार को लेकर तरुण चुघ ने जताई कड़ी निंदा
बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को लेकर तरुण चुघ ने कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि वहां अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के साथ जो व्यवहार हो रहा है, वह बेहद निंदनीय है। चुघ ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी बांग्लादेश में रह रहे हिंदुओं और भारतीय नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाती रहेगी।

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई
328 पावन सरूप मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो
328 पावन सरूप मामले पर बोलते हुए तरुण चुघ ने कहा कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने साफ किया कि इस संवेदनशील मुद्दे पर किसी भी तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिए और दोषियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
पंजाब में भाजपा सरकार बनने का तरुण चुघ का दावा
2027 विधानसभा चुनावों को लेकर उन्होंने दावा किया कि पंजाब में इस बार भाजपा की सरकार बनेगी। चुघ ने कहा कि पार्टी सभी 117 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी और अकाली दल के साथ किसी भी प्रकार का गठबंधन नहीं किया जाएगा।
मान सरकार के 2025 रिपोर्ट कार्ड पर टिप्पणी करते हुए तरुण चुघ ने कहा कि पंजाब में आए बाढ़ मैन-मेड हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अवैध माइनिंग करवाई जा रही है, जबकि केंद्र सरकार पहले ही बाढ़ पीड़ितों के लिए मुआवजा जारी कर चुकी है।
अंत में उन्होंने पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि थानों पर बम धमाके, रोजाना गोलियां चलना और बढ़ती आपराधिक घटनाएं बेहद गंभीर स्थिति की ओर इशारा कर रही हैं, जो किसी आपातकाल जैसे हालात पैदा कर रही हैं।