उन्नाव5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

उन्नाव शहर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात नगर पालिका कार्यालय के सामने स्थित महाराजा डिपार्टमेंटल स्टोर में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर दुकान में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात दुकान से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने इसकी सूचना दुकान मालिक को दी। जैसे ही दुकान का शटर खोला गया, अंदर से आग की तेज लपटें बाहर निकलने लगीं। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी दुकान उसकी चपेट में आ गई।

दुकान के अंदर बेकरी से संबंधित सामान रखा हुआ था, जिसमें ओवन, फ्रिज, कच्चा माल और तैयार उत्पाद शामिल थे। आग के कारण सारा सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे दुकान मालिक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

सूचना मिलने पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया।
घटना की जानकारी मिलते ही सदर कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के इलाके को घेर लिया गया।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस और दमकल विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं।
गनीमत रही कि इस अग्निकांड में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दुकान मालिक ने प्रशासन से सहायता की मांग की है। आग पर काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।