Stone pelting on MEMU train in Bhadohi, six passengers injured | भदोही में मेमू ट्रेन पर पथराव, छह यात्री घायल: अवैध वेंडरों ने किया हमला, 35 मिनट देरी से चली ट्रेन – Bhadohi (Sant Ravidas Nagar) News

Actionpunjab
3 Min Read


सत्यम पांडे | भदोही (संत रविदास नगर)9 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

भदोही में सोमवार को सुबह ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर बनारस से प्रयागराज जा रही मेमू सवारी गाड़ी 65111 पर अवैध वेंडरों ने पथराव कर दिया। घटना में सरकारी कर्मचारी सहित आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। घायलों में से कुछ का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। इस घटना के कारण गाड़ी लगभग 35 मिनट देरी से गंतव्य की ओर रवाना हुई।

गाड़ी के स्टेशन पर ठहराव के दौरान अवैध वेंडर केतली लेकर गाड़ी में घुस रहा था। यात्रियों से धक्का-मुक्की करने के बाद जब विरोध किया गया, तो वेंडर ने पत्थर चलाना शुरू कर दिया। इस पथराव में ओम जी मौर्या, सुनील जायसवाल, चन्द्रेश्वर प्रताप सिंह, आदर्श पाण्डेय, कुलदीप पाण्डेय सहित एक महिला और एक अन्य पुरुष घायल हो गए। दो मिनट ठहराव के बाद गाड़ी चलने लगी, लेकिन किसी ने चैनपुलिंग कर गाड़ी रोक दी। अंततः गाड़ी 8.50 बजे लगभग 35 मिनट देरी से रवाना हुई। घायलों ने रेलवे पुलिस को तहरीर दे दी है।

यात्रियों ने उठाए गंभीर आरोप

यात्रियों का आरोप है कि रेलवे पुलिस की मिलीभगत से अवैध वेंडरों की भरमार हो गई है। ये वेंडर यात्रियों से विवाद करते हैं, मारपीट करते हैं और स्टेशन पर बे रोक-टोक अवैध कारोबार करते हैं। यात्रियों ने कहा कि जीआरपी चौकी के पीछे रखी पानी की पेटियों के माध्यम से बड़ी मात्रा में लोकल पानी और उसके अड़ में मादक पदार्थ का कारोबार किया जाता है।

घटना के बाद जीआरपी चौकी प्रभारी ने कहा कि उन्हें पानी की पेटियों के बारे में जानकारी नहीं है। वहीं, आरपीएफ इंस्पेक्टर ने लोकल पानी और अवैध वेंडरों के विषय में चर्चा होते ही फोन काट दिया।

पिछली घटनाओं का हवाला

ज्ञात हो कि ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर यह पहली घटना नहीं है। पहले भी कई वारदातें हो चुकी हैं, जिनका प्रमुख कारण अवैध वेंडरों को प्रश्रय देना बताया जाता है। तहरीर मिलने के बाद पथराव करने वाले एक व्यक्ति को जीआरपी चौकी प्रभारी ने हिरासत में ले लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *