रामपुर में तालाब में डूबने से मासूम की मौत:बाउंड्रीवाल न होने से हादसा, ग्रामीणों ने प्रशासन को ठहराया जिम्मेदार

Actionpunjab
2 Min Read




रामपुर के शाहबाद क्षेत्र स्थित मित्रपुर गांव में तालाब में डूबने से मासूम दीपांशु की मौत हो गई। तालाब की चारदीवारी न होने के कारण यह हादसा हुआ। गोताखोरों ने लगभग 18 घंटे की मशक्कत के बाद बच्चे का शव बरामद किया। जानकारी के अनुसार, दीपांशु गांव के अन्य बच्चों के साथ बॉल खेल रहा था। खेलते-खेलते गेंद तालाब में जा गिरी। दीपांशु गेंद निकालने के लिए तालाब में उतर गया, लेकिन गहराई में चले जाने के कारण वह बाहर नहीं निकल पाया और डूब गया। अन्य बच्चों ने शोर मचाकर दीपांशु के परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी। तत्काल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की टीम को बुलाया गया, जिन्होंने रात भर चले तलाशी अभियान के बाद अगले दिन सुबह शव को तालाब से बाहर निकाला। शव मिलने के बाद उसे पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी भेज दिया गया। सीओ देवकी नंदन ने शव खोजने वाले गोताखोरों के कार्य की सराहना की और उन्हें पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि गोताखोरों ने कठिन परिस्थितियों में सराहनीय कार्य किया है। ग्रामीणों ने इस घटना के लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि यदि तालाब के चारों ओर बाउंड्रीवाल होती और उसकी नियमित सफाई की जाती, तो यह हादसा टाला जा सकता था। ग्रामीणों ने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने तालाब की सफाई और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तालाब के सौंदर्यीकरण और सुरक्षा को लेकर जल्द ही एक योजना तैयार की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *