![]()
पानीपत जिले में जिला उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया के मार्गदर्शन में नगर एवं ग्राम योजना विभाग ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में बन रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत 40 एकड़ में फैली छह अवैध कॉलोनियों को निशाना बनाया गया। इस कार्रवाई में जिला योजनाकार विभाग ने दो अनधिकृत ढांचों को ध्वस्त किया। इसके अतिरिक्त, 25 निर्माणाधीन मकानों, 20 डीपीसी (डैम्प प्रूफ कोर्स) और कच्ची सड़कों के नेटवर्क को भी खत्म किया गया। चार कॉलोनियों में बनाई जा रही चारदीवारी को भी गिराया गया है। तीन जेसीबी का हुआ उपयोग जिला नगर योजनाकार अधिकारी सुमित मलिक ने बताया कि इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए तीन जेसीबी मशीनों का उपयोग किया गया। पानीपत, इसराना और समालखा क्षेत्रों में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों को विशेष रूप से निशाना बनाया गया। नोटिस के बाद हुई कार्रवाई विभाग ने इन मकान मालिकों को पहले ही नोटिस जारी किए थे, लेकिन उन्होंने सरकार के आदेशों की अवहेलना की। इसके बाद, जिला उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। इसराना क्षेत्र में बलाना गांव, इसराना शिवाह, महाराणा और गढ़ी वाडा सहित लगभग 40 एकड़ में छह कॉलोनियां काटी जा रही थीं। जारी रहेगा अभियान जिला नगर योजनाकार अधिकारी सुमित मलिक ने अवैध निर्माण करने वाले मकान मालिकों और कॉलोनाइजरों को चेतावनी दी है कि यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण को बढ़ावा नहीं देगी और ऐसे सभी निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पानीपत में अवैध कॉलोनियों पर चला पीला पंजा:40 एकड़ में 6 कॉलोनियों के गिराए ढांचे, नोटिस का नहीं दिया जवाब
Leave a comment