![]()
हनुमानगढ़ टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शनिवार को ग्लोबल लीडरशिप कार्यक्रम पर एक कार्यशाला आयोजित की गई। इसका उद्देश्य छात्र-छात्राओं को घर बैठे ऑनलाइन अध्ययन और वैश्विक स्तर पर सीखने के अवसर प्रदान करना था। कार्यशाला का आयोजन प्रिंसिपल डॉ. रामपाल अहरोदिया की अध्यक्षता में आईक्यूएसी, कौशल विकास तथा नवाचार एवं उद्यमिता प्रकोष्ठ के देखरेख में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता अजीत योगी ने पीपीटी के माध्यम से ग्लोबल लीडरशिप प्रोग्राम की विस्तृत जानकारी दी। योगी ने बताया कि इस पहल के तहत हार्वर्ड फैकल्टी द्वारा तैयार किए गए विभिन्न ऑनलाइन कोर्स छात्र-छात्राओं के लिए उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित लिंक पर पंजीकरण कर इन कोर्सों को नि:शुल्क प्राप्त कर सकते हैं। इन कोर्सों की मुख्य विशेषता यह है कि छात्र अपनी सुविधा और समय के अनुसार घर बैठे ऑनलाइन अध्ययन कर सकते हैं। इससे उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए संपर्क स्थापित करने का भी अवसर मिलेगा। यह योजना 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए उपलब्ध है। प्राचार्य डॉ. रामपाल अहरोदिया ने छात्र-छात्राओं को इस योजना का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को वैश्विक सोच, नेतृत्व क्षमता और आधुनिक ज्ञान से जोड़ते हैं, जो उनके भविष्य के करियर निर्माण में सहायक सिद्ध हो सकते हैं। उन्होंने इसे सीखने और स्वयं को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण अवसर बताया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. अर्चना गोदारा ने इस योजना को विद्यार्थियों के लिए एक सुनहरा अवसर बताया। उन्होंने कहा कि इसमें बिना किसी आर्थिक बोझ के अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार विभिन्न कोर्स किए जा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से इस अवसर का भरपूर लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यशाला के दौरान छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। उन्होंने प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया और मौके पर ही पंजीकरण भी कराया। इस अवसर पर विनोद सांखला, किरण ढील, अनमोल शर्मा, डॉ. विनोद खुड़ीवाल, महेन्द्र सिंह, सुमन, डी.आर. स्वामी, ममता, भूपेन्द्र खिलेरी, गुंजन राठौड़ और राजपाल सहित महाविद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।
राजकीय नेहरू मेमोरियल कॉलेज में ग्लोबल लीडरशिप कार्यशाला:हार्वर्ड फैकल्टी के ऑनलाइन कोर्स का मिलेगा लाभ
Leave a comment