रामपुर हाईवे पर हादसे में तीन की मौत:एक ही परिवार के तीन लोगों की जली चिता, पुलिस ने देर रात कराया अंतिम संस्कार

Actionpunjab
2 Min Read




रामपुर में दिल्ली-लखनऊ हाईवे 24 पर रविवार सुबह को एक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना थाना शहजादनगर क्षेत्र स्थित स्वाति मेंथॉल फैक्ट्री के पास हुई, जब एक तेज रफ्तार टेंपो ने बाइक को टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान मिलक कोतवाली क्षेत्र के लाडपुर मझरा गांव निवासी सूरज (20 वर्ष), कल्याण सिंह (20 वर्ष) और मानसिंह (56 वर्ष) के रूप में हुई है। ये तीनों मजदूरी के लिए अपने घर से शहर की ओर जा रहे थे। बताया गया कि सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना शहज़ादनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और टेंपो को हटवाकर थाने भिजवाया। हादसे के बाद टेंपो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। शवों को जिला अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने तीनों शव परिजनों को सौंप दिए। रविवार देर रात करीब 10:30 बजे लाडपुर मझरा गांव के श्मशान घाट में पुलिस की मौजूदगी में ही उनकी अंत्येष्टि कराई गई। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे पर जिलाधिकारी ने संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि श्रम विभाग के माध्यम से मृतकों के आश्रितों को जल्द ही आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी, ताकि परिवार की जीविका चल सके। वहीं, पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। हाईवे पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों और लापरवाही से ड्राइविंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *