![]()
सिरसा जिले के कालांवाली में रविवार शाम को चलते कैंटर से गौवंशों को नीचे फेंके जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में एक गौवंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह घटना गदराना रोड पर माइनर के पास हुई। सूचना मिलने पर गौरक्षा दल के सदस्य मौके पर पहुंचे और घायल गौवंशों को इलाज के लिए बेसहारा गऊ अस्पताल कालांवाली पहुंचाया। गौरक्षा दल के सदस्य की शिकायत के आधार पर कालांवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौरक्षा दल के सदस्य राहुल बांसल ने बताया कि गदराना रोड पर एक HR 47 नंबर के कैंटर में 20 से 25 गौवंश ठूंस-ठूंस कर भरे हुए थे। यह गौवंश निम्मा उर्फ चौटाला नामक व्यक्ति द्वारा गांव पंजुआना (वर्तमान निवासी ख्योवाली) से भरकर लाए गए थे। आरोपी ने चलती गाड़ी का डाला खोलकर गौवंशों को नीचे फेंकना शुरू कर दिया था। कालांवाली के कार्यकारी थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने पुष्टि की कि पुलिस ने निम्मा उर्फ चौटाला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।
सिरसा कालांवाली में चलते कैंटर से गौवंश फेंके गए:एक की मौत, कई घायल; गौरक्षा दल पहुंचा, पुलिस ने मामला दर्ज किया
Leave a comment