कोटपूतली में भ्रूण लिंग जांच रैकेट का भंडाफोड़:नारनौल पीएनडीटी टीम ने 6 आरोपियों को पकड़ा, 80 हजार में सौदा तय किया

Actionpunjab
4 Min Read




नारनौल पीएनडीटी प्राधिकरण ने कोटपूतली में सक्रिय भ्रूण लिंग जांच गिरोह का भंडाफोड़ किया है। नोडल अधिकारी डॉ. विजय यादव के नेतृत्व में जिला प्रशासन की विशेष टीम ने राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र में दबिश देकर छह आरोपितों को गिरफ्तार किया। ये सभी गर्भवती महिलाओं को अवैध रूप से भ्रूण लिंग जांच के लिए राजस्थान ले जा रहे थे। आरोपी 80 हजार रुपए में गर्भ में पल रहे भ्रूण का लिंग बताने का सौदा करते थे। इस दौरान पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन, मेडिकल उपकरण, चार कार, दो मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, व्हाट्सएप चैट, वीडियो रिकॉर्डिंग और डिजिटल भुगतान से जुड़े पुख्ता सबूत बरामद किए गए हैं। थाना शहर नारनौल में पीसीपीएनडीटी एक्ट, बीएनएस और एनएमसी एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हरियाणा की महिलाओं की कोटपूतली में हो रही थी जांच
जिला समुचित प्राधिकरण पीएनडीटी नारनौल को दिसंबर 2023 में सूचना मिली थी कि हरियाणा की गर्भवती महिलाओं को योजनाबद्ध तरीके से राजस्थान के कोटपूतली क्षेत्र में ले जाकर भ्रूण लिंग जांच कराई जा रही है। इसके बाद 16 जनवरी को जिला नोडल अधिकारी पीएनडीटी डॉ. विजय कुमार यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। वॉट्सऐप कॉल पर हुई बातचीत
सूचना की पुष्टि के लिए ‘बेटी बचाओ’ सरकारी योजना के तहत एक महिला डिकोय तैयार की गई। गिरोह के संपर्ककर्ता से वॉट्सऐप कॉल और चैट के जरिए बात की गई, जिसमें 80 हजार रुपये में भ्रूण लिंग जांच का सौदा तय हुआ। फोन पे के माध्यम से तीन किस्तों में पूरी रकम ट्रांसफर कराई गई, जिसके स्क्रीनशॉट जांच टीम के पास सुरक्षित हैं। अलग-अलग वाहनों से कोटपूतली लेकर पहुंचे
आरोपियों ने गर्भवती डिकोय महिला को नारनौल के रघुनाथपुरा स्थित हनुमान मंदिर के पास बुलाया। वहां से महिला को अलग-अलग वाहनों में बैठाकर कोटपूतली ले जाया गया। पीएनडीटी टीम पूरे रास्ते आरोपितों का पीछा करती रही। कोटपूतली के मोहल्ला बड़ा बास स्थित एक मकान में पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन से भ्रूण लिंग जांच की जा रही थी। महिला डिकोय के इशारे पर टीम ने मौके पर दबिश देकर तीन आरोपितों को रंगे हाथों पकड़ा, जबकि कुल छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। एक गर्भवती महिला भी मिली मौके पर मिली
रेड के दौरान एक अन्य गर्भवती महिला भी मौके पर मौजूद मिली, जिसकी पहले जांच की जा चुकी थी। उसका पति मौके से फरार हो गया। बाद में मुख्य सौदागर को चरखी दादरी और एक अन्य आरोपित को सतनाली क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। मुख्य सौदागर को चरखी दादरी के कादमा गांव निवासी बिरेंद्र को दादरी से तथा एक अन्य आरोपित सुनील को सुरेहती पलालनिया सतनाली से दबोचा गया। वहीं इनके अलावा जिले के हमीदपुर निवासी जितेंद्र, राजस्थान के कोटपूतली के गांव कंवरपुरा निवासी धर्मवीर, कोटपूतली के मोहल्ला बड़ा बास निवासी आनंद जांगिड़, वहीं महेंद्रगढ़ जिले के मुंडियाखेड़ा निवासी पवन कुमार को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपितों को नारनौल लाकर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *