![]()
बागपत शहर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए लाइव वीडियो में जहरीला पदार्थ निगल लिया। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। पीड़ित युवक ने आरोप लगाया कि उसे एक मामले में पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया गया था। उसने बताया कि पहले भी उसने इसी मामले में चौकी इंचार्ज ने काफी परेशान किया था। इस बार थाने में एक दरोगा, एक महिला दरोगा और दो अन्य पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे वह परेशान था। युवक ने लाइव वीडियो बनाते हुए कहा कि वह पुलिस के लगातार उत्पीड़न और पैसों की मांग से तंग आकर आत्महत्या कर रहा है। उसने बताया कि उस पर लगातार मुकदमे में कार्रवाई और पैसों का दबाव बनाया जा रहा था, जबकि उसके पास इतने पैसे नहीं थे। इस मामले में शहर कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार ने जानकारी दी कि वीडियो में दिख रहे युवक का नाम फिरोज है। फिरोज पर मारपीट का एक मुकदमा दर्ज है और वह वादी पर फैसले के लिए दबाव बना रहा था। आज उसे नोटिस देने के लिए कोतवाली बुलाया गया था। फिरोज द्वारा पुलिस पर लगाए गए आरोप निराधार हैं परिजनों ने फिरोज को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत स्थिर है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और फिरोज की स्वास्थ्य स्थिति व इलाज के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
युवक ने पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाया:लाइव वीडियो में जहरीला पदार्थ निगला, अस्पताल में भर्ती
Leave a comment