![]()
कैथल के चीका में बीडीपीओ कार्यालय की दुकानों की लंबाई बढ़ाने का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। मामले में गुहला के कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस द्वारा एसडीएम को झुनझुना पकड़ने का प्रयास करने और इसका वीडियो जारी करने के मामले में अब एसडीएम ने भी सख्त रुख अपनाया है। एसडीएम कैप्टन परमेश सिंह ने कहा है कि वे इस मामले को लेकर उच्च अधिकारियों के पास जाएंगे और शिकायत करेंगे। उसी आधार पर जो भी उच्च अधिकारियों द्वारा सहमति दी जाएगी, उसके अनुसार वे विधायक के खिलाफ कार्रवाई की रणनीति बनाएंगे। विधायक बोले-एडीएम अपना कार्य करें, वे अपना कर रहे वहीं दूसरी ओर इस संबंध में जब विधायक से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि एसडीएम की ओर से जो कार्रवाई की जानी है, वे करें। विधायक ने कहा कि वे अपना काम कर रहे हैं और एसडीएम अपना काम कर रहे हैं। जिन दुकानों की लंबाई बढ़ाने को लेकर यह विवाद चला हुआ है, वे बीडीपीओ कार्यालय में बनाई जा रही हैं। पहले इन दुकानों की लंबाई 10 से 12 फीट तक थी जिन्हें अब बढ़कर 25 फीट तक कर दिया गया है। इस संबंध में 6 महीने पहले पंचायत समिति की बैठक में प्रस्ताव पास किया गया था। यह प्रस्ताव पंचायत समिति चेयरपर्सन सुखविंदर कौर की अनुशंसा पर पास हुआ था। 25 फीट की है दुकानों की लंबाई जब इस संबंध में चेयरपर्सन सुखविंदर कौर व उनके प्रतिनिधि जगतार माजरी से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि इन दुकानों के बनने से किसी को कोई नुकसान नहीं होने वाला। न सड़क अवरुद्ध होगी, न ही बीडीपीओ कार्यालय में आने वाले लोगों को कोई दिक्कत होगी। इसके विपरीत इन दुकानों से आमदनी ही बढ़ेगी, क्योंकि इनकी लंबाई अंदर की तरफ बढ़ाई गई है, जिससे दुकान लेने वाले लोगों को भी पूरा स्थान मिल सकेगा और दूसरा उन दुकानों का किराया भी बढ़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वे इस मामले में एसडीएम का ही समर्थन करेंगे। ये है मामला बता दें कि दुकानों की लंबाई बढ़ाने के मामले में विधायक देवेंद्र हंस ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। इस संबंध में कुछ लोग विधायक के पास शिकायत भी लेकर पहुंचे थे, जिस पर विधायक उन्हें लेकर चीका के बीडीपीओ कार्यालय में पहुंचे। वहीं पर एसडीएम भी पहुंचे हुए थे। विधायक ने एसडीएम पर मामले में उचित कार्रवाई न करने के आरोप लगाते हुए उन्हें झुनझुना पकड़ने का प्रयास किया था। जिस पर एसडीएम ने अब आगे उच्च अधिकारियों के संज्ञान में यह मामला लाने की बात कही है।
कैथल के चीका में एसडीएम को झुनझुना देने का मामला:एसडीएम बोले-उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाएंगे मामला, विधायक ने झुनझुना देने का प्रयास किया
Leave a comment