![]()
रोहतक जिले के महम क्षेत्र में बहलबा माइनर पर एक बहता खाल गिराने के मामले में छह लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई भिवानी के सिंचाई विभाग के एसडीओ दीपांशु की शिकायत पर महम थाना पुलिस ने की है। सिंचाई विभाग के अनुसार, खेतों की सिंचाई के लिए बहलबा माइनर के मोगा नंबर 15000 एल पर यह खाल बनाया गया था। यह खाल कई वर्षों से संचालित था और आसपास के किसानों के लिए पानी का प्रमुख स्रोत था। छह लोगों पर लगाया गया आरोप एसडीओ दीपांशु ने अपनी शिकायत में बताया कि बिजेंद्र पुत्र महाबीर, जोगेंद्र पुत्र महाबीर, ओमप्रकाश पुत्र बद्री (सभी निवासी महम) और नरेंद्र पुत्र राजपाल, संदीप पुत्र नफे सिंह, विजयपाल पुत्र रघबीर (सभी निवासी सीसर खास) ने मिलकर इस बहते हुए खाल को गिरा दिया। नुकसान की भरपाई और कार्रवाई की मांग शिकायत में कहा गया है कि खाल को गिराने से सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हुई है, जिससे किसानों को नुकसान हुआ है। दीपांशु ने मांग की है कि इस नुकसान की भरपाई आरोपितों से करवाई जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस ने शुरू की जांच महम थाना पुलिस ने सभी छह आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रोहतक के महम में नहरी पानी का खाल तोड़ा:नहर विभाग ने 6 पर दर्ज कराई FIR; किसानों को सिंचाई में परेशानी
Leave a comment