सोनीपत में खुदाई से मिले सिक्के-जेवर:मंदिर की चारदीवारी करवाने का चल रहा काम; देर रात स्थल पर बैठे युवकों ने देखा

Actionpunjab
3 Min Read




सोनीपत के खरखौदा क्षेत्र के गांव पिपली में सती माता मंदिर के पास चल रहे विकास कार्य के दौरान अचानक पुराने सिक्के और जेवर मिलने से चर्चा बनी हुई है। रात के समय मंदिर के पास बैठे कुछ युवकों को खुदाई स्थल पर पुराने सिक्के दिखाई देने की बात सामने आई, जिसके बाद देखते ही देखते यह खबर गांव भर में फैल गई। मामला इतना बढ़ गया कि ग्रामीणों ने पंचायत तक बुला ली, लेकिन अभी तक सिक्कों और जेवर की सच्चाई को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है। खुदाई के दौरान सामने आई पुराने सिक्कों की चर्चा
ग्रामीणों के अनुसार सती माता मंदिर तक जाने वाले रास्ते को पक्का करने और मंदिर की चारदीवारी करवाने का कार्य पंचायत की ओर से किया जा रहा है। इसी क्रम में लोडर मशीन से खुदाई की जा रही थी। खुदाई के बाद जब ताजा निकली मिट्टी फैली, तो उसमें कुछ पुराने सिक्के दिखाई देने की चर्चा शुरू हो गई।
रात में बैठे युवकों को मिले सिक्के और जेवर
बताया जा रहा है कि रात के समय मंदिर के पास बैठे कुछ युवकों को मिट्टी में पुराने सिक्के नजर आए। इसके बाद गांव में यह भी चर्चा फैल गई कि सिक्कों के साथ कुछ जेवर भी मिले हैं। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों के अलावा किसी ने इन वस्तुओं को सार्वजनिक रूप से नहीं देखा। दो युवकों ने तीसरे युवक को सामान देने की बात मानी
ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले में दो युवकों ने स्वीकार किया है कि खुदाई स्थल से मिला सामान उन्होंने अपने साथ मौजूद एक तीसरे युवक को दे दिया था। इसके बाद से वह युवक गांव में दिखाई नहीं दे रहा है, जिससे पूरे मामले पर संदेह और गहरा गया है।
मामले को लेकर बुलाई गई पंचायत
घटना की जानकारी फैलते ही गांव में पंचायत बुलाई गई, ताकि सिक्कों और जेवर को लेकर स्थिति साफ की जा सके। पंचायत में दोनों युवक तो पहुंचे, लेकिन वह तीसरा युवक मौजूद नहीं हुआ, जिसे लेकर सबसे ज्यादा चर्चा है।
पंचायत के बाद ग्रामीण सती माता मंदिर पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम को लेकर आपस में विचार-विमर्श किया। ग्रामीणों ने एक-दूसरे से मिली जानकारियों को साझा किया, लेकिन किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सके। सिक्कों और जेवर की संख्या पर बना हुआ है संशय
अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सिक्के और जेवर कितनी संख्या में मिले हैं और वे कितने पुराने या प्रामाणिक हैं। गांव में फिलहाल सभी की निगाहें उसी तीसरे युवक पर टिकी हैं, जिसके सामने आने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *