जयपुर जंक्शन पर बदले जाएंगे प्लेटफॉर्म नंबर:6 और 7 अब 1A व 1B के नाम से होंगे, 1 फरवरी से होगा बदलाव

Actionpunjab
2 Min Read




जयपुर जंक्शन पर यात्रियों को प्लेटफॉर्म खोजने में होने वाली परेशानी अब कम होने जा रही है। स्टेशन पर चल रहे री-डेवलपमेंट काम के साथ-साथ यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्लेटफॉर्म नंबरिंग सिस्टम में बदलाव किया जा रहा है। इसी कड़ी में जयपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 और 7 को नया नाम दिया जा रहा है, जिससे प्लेटफॉर्म को लेकर होने वाला कन्फ्यूजन खत्म हो सके।
जयपुर जंक्शन पर यह बदलाव 1 फरवरी से लागू किया जाएगा। इसके बाद प्लेटफॉर्म नंबर 6 को प्लेटफॉर्म नंबर 1A और प्लेटफॉर्म नंबर 7 को प्लेटफॉर्म नंबर 1B के नाम से जाना जाएगा। प्लेटफॉर्म की लोकेशन बनी थी कन्फ्यूजन की वजह
जयपुर स्टेशन डायरेक्टर विपिन कुमार शर्मा ने बताया कि प्लेटफॉर्म नंबर 6 और 7, प्लेटफॉर्म नंबर 1 के बिल्कुल पास डीआरएम ऑफिस साइड स्थित हैं। वहीं, जयपुर जंक्शन पर प्लेटफॉर्म नंबरिंग डीआरएम ऑफिस साइड से हसनपुरा की ओर क्रमवार 1 से 5 तक है। ऐसे में प्लेटफॉर्म 6 और 7 का नंबरिंग सिस्टम यात्रियों को समझ में नहीं आता था और वे अक्सर गलत प्लेटफॉर्म की ओर चले जाते थे।
यात्रियों की इसी परेशानी को देखते हुए रेलवे ने प्लेटफॉर्म नंबर बदलने का फैसला लिया है, ताकि नंबरिंग सिस्टम ज्यादा लॉजिकल और समझने में आसान हो सके। इन प्लेटफॉर्म से चलती हैं कई अहम ट्रेनें
स्टेशन डायरेक्टर विपिन कुमार शर्मा ने बताया- प्लेटफॉर्म नंबर 6 और 7, अब 1A और 1B, से कई महत्वपूर्ण ट्रेनें शुरू होती हैं। इनमें उदयपुर जाने वाली वंदे भारत ट्रेन भी शामिल है। इसके अलावा चूरू, रिंगस, सीकर और जैसलमेर रूट पर जाने वाली ट्रेनों का संचालन भी इन्हीं प्लेटफॉर्म्स से किया जाता है।
प्लेटफॉर्म नंबर में बदलाव से न सिर्फ यात्रियों को ट्रेन पकड़ने में आसानी होगी, बल्कि स्टेशन पर भीड़ और भ्रम की स्थिति भी कम होगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *