डीग-कुम्हेर विधायक ने छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं:कहा- आवागमन सुचारु होगा और शिक्षा में दूरी बाधा नहीं बनेगी

Actionpunjab
3 Min Read




बसंत पंचमी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती के अवसर पर शुक्रवार को स्थानीय किशनलाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में निःशुल्क साइकिल वितरण समारोह आयोजित किया गया। डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह मुख्य अतिथि रहे, जिन्होंने छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं। विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने कहा कि यह साइकिल वितरण योजना छात्राओं को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि अक्सर घर से स्कूल की अधिक दूरी के कारण बेटियों को पढ़ाई छोड़नी पड़ती थी। अब इन साइकिलों से उनका आवागमन सुचारु होगा और शिक्षा में दूरी बाधा नहीं बनेगी। विधायक ने भारतीय सेना की महिला अधिकारियों के शौर्य का उदाहरण देते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सेना की दो महिला अधिकारियों ने इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देकर देश की बेटियों के सम्मान की रक्षा की, जो नारी शक्ति के साहस का प्रमाण है। केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने माताओं-बहनों की समस्याओं को समझा है। उन्होंने उज्ज्वला योजना और शौचालय निर्माण जैसी योजनाओं का उल्लेख किया, जिनसे महिलाओं को सम्मान मिला है। जहां एक ओर ‘स्वच्छ भारत’ के तहत शौचालय बनवाकर महिलाओं को सम्मान दिया, वहीं ‘उज्ज्वला योजना’ के जरिए गरीब माताओं को धुएं से मुक्ति दिलाकर गैस चूल्हा उपलब्ध कराया, जिससे उनका जीवन आसान हुआ है। सीएम भजनलाल शर्मा का आभार और क्षेत्र का विकास डॉ. सिंह ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी पहल से आज पूरे राजस्थान में बेटियों को साइकिलें मिल रही हैं। उन्होंने डीग बायपास, जिला अस्पताल और कुम्हेर उप-जिला अस्पताल जैसे विकास कार्यों का उल्लेख किया और जानकारी दी कि 28 जनवरी से शुरू हो रहे विधानसभा बजट सत्र में क्षेत्र के लिए और भी बड़ी सौगातें मिलने की उम्मीद है। भ्रष्टाचार मुक्त भारत पूर्ववर्ती सरकार पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश भ्रष्टाचार और कॉमनवेल्थ जैसे घोटालों की गिरफ्त में था, लेकिन 2014 के बाद प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने एक नई दिशा पकड़ी है और विश्व पटल पर भारत का मान बढ़ा है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि आपने एक ‘स्वर्णिम युग’ में जन्म लिया है, जहां आपके आगे बढ़ने के लिए अनंत अवसर मौजूद हैं। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *