कानपुर देहात में राष्ट्रीय बालिका दिवस पर आयोजन:कबड्डी और पतंगबाजी प्रतियोगिता में बेटियों ने दिखाया दम

Actionpunjab
2 Min Read




राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर कानपुर देहात में जनपद स्तरीय कबड्डी और पतंगबाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह आयोजन ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत जिलाधिकारी कपिल सिंह और अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार के मार्गदर्शन में स्पोर्ट्स स्टेडियम माती में 23 जनवरी 2026 को हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना था। जनपद के विभिन्न विद्यालयों की बालिकाओं ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया गया। कबड्डी प्रतियोगिता में न्यू लाइट एजुकेशन सेंटर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि श्री त्रिलोकीनाथ गुप्ता स्मारक इंटर कॉलेज द्वितीय स्थान पर रहा। बालिकाओं ने कबड्डी के माध्यम से अपनी शारीरिक शक्ति, मानसिक कौशल और टीम वर्क का शानदार प्रदर्शन किया। “सपनों की उड़ान” नामक पतंगबाजी प्रतियोगिता बाल विवाह रोकने, दहेज प्रथा समाप्त करने और बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण नारों के साथ आयोजित की गई। वैशाली यादव, प्रगति सिंह और निधि ने इसमें भाग लिया। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी अकबरपुर नीलिमा यादव, उप जिलाधिकारी डेरापुर सुरभि और अपर मजिस्ट्रेट मुख्यालय शालिनी ने उपस्थित होकर बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी ने खेलों को जीवन के लिए अनिवार्य बताते हुए कहा कि ये स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और सामाजिक विकास का मजबूत आधार हैं। जिला प्रोबेशन अधिकारी रेनू यादव ने सोशल मीडिया की लत से बचाव, डिजिटल डिटॉक्स, समान अवसर और महिला कल्याण योजनाओं के साथ-साथ हेल्पलाइन नंबरों जैसे 181, 1090, 112, 1098, 1076, 1930 की जानकारी दी। एक महिला रोग विशेषज्ञ ने संतुलित आहार, मासिक धर्म स्वच्छता, नियमित व्यायाम और आयरन युक्त भोजन के महत्व पर विशेष जोर दिया। प्रतियोगिताओं में सफल बालिकाओं को 24 जनवरी 2026 को ईको पार्क माती में सम्मानित किया जाएगा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *