![]()
हरदोई में गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर हरपालपुर क्षेत्र के ऐतिहासिक सेमरिया शहीद स्थल पर एक कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। ‘मिनी जलियांवाला बाग’ के नाम से प्रसिद्ध इस स्थल पर कवियों ने अपनी रचनाओं से शहीदों के बलिदान को याद किया और देशभक्ति का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर किया। उन्होंने कवियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए। विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह ‘रानू’ ने कवियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कवि सम्मेलन में राज कुमार सिंह प्रखर, उदय राज सिंह, राजेश बाबू अवस्थी, आशुतोष द्विवेदी, शोभित तोमर, कवयित्री आकांक्षा गुप्ता और रूबी ने अपनी कविताओं व गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। कार्यक्रम का आयोजन शिवशंकर डेवलपमेंट सोसायटी ने किया, जिसके अध्यक्ष अभय शंकर गौड़ ने आभार व्यक्त किया। संचालन महेश मिश्रा ने किया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 1932 में सेमरिया मेले के दौरान ब्रिटिश शासन ने निहत्थे लोगों पर गोलीबारी की थी। इस घटना को ‘मिनी जलियांवाला बाग’ हत्याकांड के नाम से जाना जाता है, जिसमें 269 लोग शहीद हुए थे।वरिष्ठ पत्रकार अभय शंकर गौड़ और तत्कालीन जिलाधिकारी अवधेश कुमार सिंह के प्रयासों से वर्ष 2011 में यहां एक भव्य शहीद स्मारक का निर्माण किया गया था।
सेमरिया शहीद स्थल पर कवि सम्मेलन आयोजित:'मिनी जलियांवाला बाग' में शहीदों को किया गया नमन
Leave a comment