![]()
जिला मुख्यालय फरीदाबाद में 26 जनवरी सोमवार को यानि आज 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर समारोह का आयोजन सेक्टर-12 स्थित सेंट्रल थाने के पास हेलिपैड ग्राउंड में किया जाएगा। इस समारोह में हरियाणा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। समारोह को लेकर आयोजन स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं एवं तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सुबह 10 बजे ध्वज फहराएंगी डीसी आयुष सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। उन्होंने बताया कि सुबह 10 बजे स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव हेलिपैड ग्राउंड में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगी तथा भव्य मार्च-पास्ट की सलामी लेंगी। इससे पूर्व स्वास्थ्य मंत्री आरती राव सेक्टर-12 वॉर मेमोरियल स्थित युद्ध स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर आज़ादी के आंदोलन तथा देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले ज्ञात-अज्ञात शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी। हरियाणा की संस्कृति की झलक गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं एवं देशभक्ति की भावना की जीवंत झलक देखने को मिलेगी। जिले के विभिन्न राजकीय विद्यालयों के हजारों छात्र-छात्राएं देशभक्ति गीतों, लोकनृत्य, समूह गान एवं रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। पुलिस की टुकड़ियां लेंगी भाग गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित मार्च-पास्ट में हरियाणा पुलिस टुकड़ी (पुरुष), हरियाणा पुलिस टुकड़ी (महिला), हरियाणा होमगार्ड टुकड़ी, एनसीसी सीनियर की टुकड़ी, भारतीय स्काउट की टुकड़ी और प्रजातंत्र के प्रहरी की टुकड़ियां शामिल होंगी। डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि पूर्व की भांति इस बार भी जिला में उपमंडल स्तर पर गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। बल्लभगढ़ उप-मंडल में दशहरा ग्राउंड में पूर्व मंत्री व विधायक मूलचंद शर्मा राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसी प्रकार बड़खल उपमंडल में एनआईटी-01 स्थित दशहरा ग्राउंड में बड़खल विधायक धनेश अदलखा राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
फरीदाबाद में आज गणतंत्र दिवस का जश्न:हेलिपैड ग्राउंड में जिला समारोह, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव फहराएंगी तिरंगा
Leave a comment