भिवानी के आदर्श कॉलेज में घुसा गंदा पानी:समिति महासचिव बोले- गंदगी व जलभराव के बीच पढ़ने को मजबूर छात्राएं

Actionpunjab
3 Min Read




भिवानी शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान आदर्श महिला महाविद्यालय जिला प्रशासन की लापरवाही के चलते कई दिनों से सीवरेज के दूषित जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। कॉलेज प्रबंधन समिति ने कहा कि प्रशासन द्वारा हांसी गेट व साथ लगते आस-पास के क्षेत्रों में सीवरेज की मुख्य लाइन की साफ-सफाई का कार्य चल रहा है। लेकिन इस कार्य के दौरान इससे जुड़ी सीवरेज लाइनों की निकासी पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। जिस कारण मुख्य लाइन का दूषित जल बैकफ्लो होने से महाविद्यालय में भर गया। महाविद्यालय द्वारा संबंधित विभागों को शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। इससे छात्राओं, शिक्षकों और अन्य स्टाफ को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महाविद्यालय परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार व साथ लगती कक्षाओं, महाविद्यालय के प्रशासनिक कार्यालय के आसपास सीवरेज का बदबूदार गंदा पानी जमा है। जिससे बीमारियां फैलने का डर बना है। महाविद्यालय की शिक्षिकाओं और कर्मचारियों ने इस समस्या को लेकर चिंता जताई और कहा कि लंबे समय तक गंदे पानी और बदबू के बीच काम करना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। मच्छरों के पनपने से डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। कॉलेज भुगत रहा प्रशासन की लापरवाही
महाविद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के महासचिव अशोक बुवानीवाला ने बताया कि महाविद्यालय द्वारा इस समस्या को लेकर नगर परिषद, जनस्वास्थ्य विभाग व डीसी तक लिखित व मौखिक शिकायतें दी जा चुकी हैं। मगर प्रशासन द्वारा अभी तक कोई समाधान नहीं किया गया है। प्रशासन की लापरवाही महाविद्यालय को भुगतनी पड़ रही है। जहां हजारों छात्राएं शिक्षा ग्रहण करती है। अशोक बुवानीवाला ने इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि एक तरफ सरकार ‘स्वच्छ भारत अभियान’ और ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जैसे नारों की बात करती है, वहीं दूसरी ओर छात्राओं को गंदगी और जलभराव के बीच पढ़ने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। यह न केवल छात्राओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य से खिलवाड़ है, बल्कि उनके सम्मान के भी खिलाफ है। कॉलेज प्रशासन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया, तो वे उच्च अधिकारियों तक इस मामले को उठाने को मजबूर होंगे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *