फतेहपुर में सरदार सेना के राष्ट्रीय प्रचारक पर जानलेवा हमला:पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप, शराब पीने से मना करने पर दबंगों किया था हमला

Actionpunjab
2 Min Read




फतेहपुर के बिंदकी थाना क्षेत्र से गणतंत्र दिवस पर एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां राष्ट्रध्वज के अपमान और एक युवक के साथ सामूहिक मारपीट का आरोप लगा है। पीड़ित के पिता वीरेंद्र कुमार वर्मा ने 28 जनवरी को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। पिता के अनुसार, 26 जनवरी की शाम करीब साढ़े पांच बजे उनका पुत्र जगदीश्वर खजुहा स्थित बागबादशाही राष्ट्रीय मार्ग के पास घूमने गया था। वहां गार्ड रूम में कुछ लोग शराब और सिगरेट पी रहे थे। राष्ट्रीय पर्व के दिन इस कृत्य का विरोध करने पर मौजूद लोगों ने युवक के सिर पर लगी तिरंगे की टोपी खींचकर जमीन पर फेंक दी और राष्ट्रध्वज का अपमान किया। विरोध करने पर दबंगों ने अपने साथियों के साथ मिलकर जगदीश्वर को गाली-गलौज करते हुए बुरी तरह पीटा। उन्होंने उसकी गर्दन और सिर पर हमला किया तथा तमंचा व रिवॉल्वर दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में जगदीश्वर बेहोश हो गया, जिसे मृत समझकर आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने उसे पुलिस चौकी पहुंचाया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस चौकी में दबाव बनाकर समझौते का प्रयास किया गया और इलाज के लिए कोई पुलिस सहायता नहीं दी गई। पीड़ित का उपचार सदर अस्पताल में चल रहा है। पिता ने मामले में पुलिस अधीक्षक से राष्ट्रध्वज अपमान, सामूहिक मारपीट और अवैध हथियारों के प्रयोग सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में सरदार सेना गुजरात प्रांत के प्रभारी डॉ. सतेंद्र पटेल ने आरोप लगाया कि घायल जगदीश्वर सरदार सेना के संस्थापक सदस्य और राष्ट्रीय प्रचारक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हमलावर कई गलत कार्यों में लिप्त रहते हैं और पुलिस उन्हीं का साथ दे रही है। इस मामले में बिंदकी कोतवाली प्रभारी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *