![]()
बाराबंकी जिले के दरियाबाद कस्बे में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। जालपा माता मंदिर परिसर में निर्माण कार्य के दौरान 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे हुई। मंदिर परिसर में धर्मशाला के लिए एक कमरे का निर्माण चल रहा था। मुडेर बांधने के लिए दरियाबाद के मोहल्ला चौधरियान निवासी रामदत्त (58), राम अवतार उर्फ मुंडे (48) और कमलेश (55) सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़े थे। इसी दौरान वे छत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गए, जिससे तीनों मजदूर झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल मजदूरों को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। रामदत्त की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सीएचसी मथुरानगर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। राम अवतार और कमलेश का निजी अस्पताल में इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही दरियाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दरियाबाद कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि यह हादसा हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से हुआ है। उन्होंने पुष्टि की कि एक व्यक्ति की मौत हुई है और दो घायल मजदूरों का इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बाराबंकी में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए मजदूर:एक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल, मंदिर परिसर में चल रहा था निर्माण
Leave a comment