जमीन बेचने के नाम पर महिला ने हड़पे 7 लाख:पलवल में 1.64 करोड़ में हुआ सौदा, किसी और की जमीन को अपना बताया

Actionpunjab
2 Min Read




पलवल के दुधौला गांव में जमीन बेचने के नाम पर लाखों रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आर्थिक अपराध शाखा की जांच के बाद, गदपुरी थाना पुलिस ने फरीदाबाद की एक महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। गदपुरी थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि बल्लभगढ़ निवासी बेगराज ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, फरीदाबाद की निर्मला जाखड़ ने दुधौला गांव में अपनी करीब एक कनाल 17 मरला जमीन का सौदा बेगराज से 1 करोड़ 63 लाख 97 हजार 13 रुपए में तय किया था। जमीन का सौदा तय होने पर, बेगराज ने 11 मार्च 2025 को इकरारनामा करते समय निर्मला को बयाने के तौर पर 7 लाख रुपये का चेक दिया था। रजिस्ट्री कराने की तारीख 10 जुलाई 2025 तय की गई थी। जमीन की असल मालिक नहीं थी महिला आर्थिक अपराध शाखा के पीएसआई मनोज कुमार द्वारा की गई जांच में खुलासा हुआ कि जिस जमीन का सौदा निर्मला जाखड़ ने बेगराज से किया था, उसकी वह असल मालिक नहीं थी। जांच रिपोर्ट के अनुसार, निर्मला ने खुद वह जमीन दुधौला निवासी उदयवती आदि से खरीदने का इकरारनामा किया हुआ था। असल मालिकों के साथ निर्मला की रजिस्ट्री की समय सीमा 20 अगस्त 2025 तक थी। इकरारनामे में ऐसी कोई शर्त नहीं थी कि निर्मला उस जमीन को आगे किसी और को बेच सके या उसका इकरारनामा कर सके। पीड़ित को दी जान से मारने की धमकी पीड़ित बेगराज का आरोप है कि जब उन्होंने रजिस्ट्री करने का दबाव बनाया, तो निर्मला और उसके पति ने न तो पैसे वापस किए और न ही रजिस्ट्री की। इसके बजाय, आरोपी पक्ष ने पीड़ित और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस जांच में यह माना गया कि निर्मला ने आर्थिक लाभ कमाने की नीयत से धोखाधड़ी की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *