सहारनपुर में खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराए स्कूटी सवार…दो मौत:देहरादून से कैटरिंग का काम निपटाकर लौट रहे थे, ट्रॉली के पीछे नहीं लगा था रिफ्लेक्टर

Actionpunjab
2 Min Read




सहारनपुर जिले में दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब उनकी स्कूटी सड़क के बीचों-बीच खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। मृतक देहरादून में कैटरिंग का काम निपटाकर घर लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार, गढ़ी मलूक, सहारनपुर निवासी अभिमन्यु (21) पुत्र भूपेंद्र और दीपक (25) पुत्र विजेंद्र पेशे से कैटरिंग का काम करते थे। गुरुवार की देर रात को दोनों देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम में कैटरिंग का काम पूरा करने के बाद स्कूटी से सहारनपुर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत गणेशपुर के पास वन क्षेत्र से बाहर निकले, उनकी स्कूटी सड़क पर खराब हालत में खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली काफी देर से सड़क के बीच खड़ी थी। बताया जा रहा है कि शाम करीब छह बजे से ट्रॉली खराब अवस्था में खड़ी थी, लेकिन न तो उसे हटाने की कोशिश की गई और न ही उस पर कोई चेतावनी संकेतक या रिफ्लेक्टर लगाए गए थे। अंधेरा होने के कारण स्कूटी सवार युवकों को ट्रॉली दिखाई नहीं दी और तेज रफ्तार में उनकी स्कूटी उससे टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और बिहारीगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल सहारनपुर भेज दिया गया। थानाध्यक्ष बिहारीगढ़ अक्षय शर्मा ने बताया कि स्कूटी के नंबर के आधार पर मृतकों की पहचान की गई है और मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया हादसे का कारण सड़क के बीच लापरवाही से खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली और उस पर सुरक्षा संकेतों का अभाव माना जा रहा है। पुलिस ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश में जुटी है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *