![]()
करनाल जिले के सेक्टर-12 की वाल्मीकि बस्ती में लंबे समय से चल रहे अवैध निर्माण पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया। एसएसवीपी डिपार्टमेंट की टीम ने मौके पर पहुंचकर पहले मकानों को खाली कराया और उसके बाद तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस बल तैनात किया गया। क्षेत्र में बिजली के कनेक्शन भी काट दिए गए। वीरवार को एचएसवीपी अधिकारी भीम सिंह की अगुवाई में टीम सेक्टर-12 के वाल्मीकि बस्ती पहुंची। टीम द्वारा लोगों को मकान तोड़ने के आदेश जारी कर दिए, साथ ही मकान खाली करने के लिए भी बोला गया। जिससे लोगो में हड़कंप मच गया। लोगों ने अधिकारियों से समय भी मांगा लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। लोग बोले- थोड़ा टाइम मांगा, नहीं दिया स्थानीय निवासी सोनू ने बताया कि हमें दूसरी जगह प्लॉट दिए हुए है, लेकिन अभी हमारा प्लॉट पर घर बनाने का बजट नहीं है। आज ही सुबह हमें नोटिस दिया गया था और अब एचएसवीपी अपनी जेसीबी लेकर पहुंच गया। हम चाहते है कि हमें सिर्फ दो दिन का टाइम दिया जाए, ताकि हम अपने मकान को खुद ही तोड़ ले, लेकिन अधिकारियों ने हमें कोई टाइम नहीं दिया। एचएसवीपी की जमीन पर किया था कब्जा अधिकारियों के अनुसार जिस जमीन पर मकान बने थे, वह एचएसवीपी की है। यहां रहने वाले लोगों को दूसरी जगह पर प्लॉट दिए गए है। जहां अधिकतर लोगों ने अपने मकान बना लिए हैं। इसके बावजूद कुछ लोग पुराने स्थान पर ही रह रहे थे, जिस कारण अब यह कार्रवाई करनी पड़ी। पहले ही दिए गए थे नोटिस एचएसवीपी अधिकारी भीम सिंह ने बताया कि अवैध निर्माण करने वालों को पहले ही मकान खाली करने के नोटिस जारी किए जा चुके थे। नोटिस के बावजूद किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं मिली, इसलिए विभाग ने तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों के मुताबिक वाल्मीकि बस्ती में करीब 25 से 30 मकान ऐसे थे, जिन्हें खाली कराकर तोड़ा जा रहा है। कार्रवाई के दौरान लोगों को पहले सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया, ताकि किसी को नुकसान न पहुंचे। नया प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा एचएसवीपी की योजना है कि जमीन को पूरी तरह खाली करवाने के बाद यहां एक नया प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा। इसी को लेकर यह कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्ती जारी रहेगी।
करनाल में हुडा विभाग ने 25-30 अवैध निर्माण तोड़े:टीम ने पहुंचकर खाली कराए मकान; बिजली के कनेक्शन भी काटे
Leave a comment