![]()
धौलपुर शहर के घंटाघर रोड स्थित भारत हॉस्पिटल में एक महिला की डिलीवरी के बाद तबीयत बिगड़ने और जयपुर में उसकी मौत होने से गुस्साए परिजनों ने शुक्रवार को अस्पताल पहुंचकर डॉक्टर से मारपीट कर दी। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जानकारी के अनुसार, इंदोली बसई नवाब सैपऊ निवासी 27 वर्षीय बबीता पत्नी धर्मेंद्र जाटव की 20 जनवरी को भारत हॉस्पिटल, धौलपुर में डिलीवरी हुई थी। डिलीवरी के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। घर पहुंचने के बाद शाम को महिला की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे वापस भारत हॉस्पिटल ले आए। भारत हॉस्पिटल से बबीता को आगरा रेफर कर दिया गया। आगरा में करीब पांच दिन तक इलाज चलने के बावजूद उसकी तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिजन उसे बुधवार को जयपुर ले गए, जहां एसएमएस अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत से आक्रोशित परिजन शुक्रवार को भारत हॉस्पिटल पहुंचे और वहां मौजूद डॉक्टर से मारपीट की। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस थाने में कोई मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया था। मृतका बबीता जाटव अपने पीछे तीन बेटियों और दो बेटों को छोड़ गई है, जिनमें से एक बेटा अभी नवजात है।
महिला की मौत, परिजनों ने की डॉक्टर से मारपीट-VIDEO:धौलपुर के निजी अस्पताल में हुई घटना, घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद
Leave a comment